Politics: 'राहुल की तरह ये भी देश को बदनाम...', प्रियंका गांधी के संभावित अमेरिकी दौरे पर BJP ने लगाए कई आरोप
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के संभावित अमेरिका दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि प्रियंका गांधी मिशन मोड में अमेरिका जाकर भारत विरोधियों से मुलाकात करेंगी और देश को बदनाम करने की कोशिश करेंगी। भाजपा का दावा है कि यह वही रास्ता है, जिस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले चल चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रियंका गांधी अमेरिका जा रही हैं और वहां भारत विरोधी तत्वों द्वारा स्वागत किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है और ऐसा स्टंट कांग्रेस को भारी पड़ेगा। भाजपा ने हालांकि प्रियंका गांधी के दौरे के कार्यक्रम या बैठकों का कोई ब्यौरा साझा नहीं किया। फिलहाल कांग्रेस या प्रियंका गांधी की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पारदर्शिता की मांग भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि राहुल गांधी 2015 से अब तक सैकड़ों विदेशी यात्राएं कर चुके हैं, जिनमें से कई को निजी बताकर बैठकों, एजेंडे और फंडिंग का खुलासा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की विदेश यात्राओं के बाद अक्सर भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वाले वैश्विक नैरेटिव सामने आते हैं और सीएए, कृषि कानूनों व कॉरपोरेट मामलों पर हमले तेज होते हैं। ये भी पढ़ें-क्या यूपी में कांग्रेस-सपा अलग-अलग लड़ेगी चुनाव:अविनाश पांडे बोले- 2027 में सभी विधानसभा सीटों पर उतरने की तैयारी समन्वय या संयोग का सवाल इल्मी ने सवाल उठाया कि जब-जब भारत में सुधारों पर बहस होती है या विरोध-प्रदर्शन होते हैं, तब गांधी परिवार के सदस्य विदेशों में उन्हीं मंचों पर दिखते हैं, जिनका संबंध कथित तौर पर जॉर्ज सोरोस से जोड़ा जाता है। उन्होंने पूछा कि इन यात्राओं को कौन फंड करता है और एजेंडा कौन तय करता है। भाजपा ने कहा कि देश किसी विदेशी एजेंडे की प्रयोगशाला नहीं है। भाजपा के और आरोप भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि अतीत में राहुल गांधी को ऐसे लोगों के साथ देखा गया है जो भारतीय लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करते। वहीं सी आर केसव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की हालिया विदेश यात्राओं का उद्देश्य भारत की छवि को चोट पहुंचाना है। उन्होंने जर्मनी यात्रा के दौरान कुछ अकादमिक और राजनीतिक चेहरों से मुलाकातों पर भी सवाल उठाए। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने भी आरोप लगाया कि गांधी भाई-बहन अमेरिका में भारत विरोधी एजेंडा सेट करने जा रहे हैं। भाजपा का कहना है कि राहुल और प्रियंका गांधी की विदेश यात्राओं के मकसद और बैठकों की जानकारी देश को दी जानी चाहिए। पार्टी ने मांग की कि कांग्रेस इस पर साफ जवाब दे। दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में प्रियंका गांधी के अमेरिका दौरे को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं। अन्य वीडियो-
#IndiaNews #National #Indianpolitics #Bjp #Congress #Priyankagandhi #Rahulgandhi #Foreignpolicydebate #Transparency #Politicalcontroversy #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 22, 2025, 20:40 IST
Politics: 'राहुल की तरह ये भी देश को बदनाम...', प्रियंका गांधी के संभावित अमेरिकी दौरे पर BJP ने लगाए कई आरोप #IndiaNews #National #Indianpolitics #Bjp #Congress #Priyankagandhi #Rahulgandhi #Foreignpolicydebate #Transparency #Politicalcontroversy #VaranasiLiveNews
