Kangra News: न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ लामबंद हुए प्राथमिक शिक्षक
100 दिन से क्रमिक अनशन पर, विधानसभा सत्र में घेराव की चेतावनीपुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई संवाद न्यूज एजेंसीलंबागांव (कांगड़ा)। शिक्षा खंड लंबागांव में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला के दौरान 50 से अधिक प्राथमिक शिक्षकों ने काले बिल्ले लगाकर न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ विरोध जताया। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने इस व्यवस्था को प्राथमिक शिक्षा के हितों के विपरीत बताते हुए इसे समाप्त कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई।राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ कांगड़ा के महासचिव दिनेश राणा, खंड लंबागांव के अध्यक्ष अरुण परवाना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जग्गी, महासचिव राजेश धीमान और कोषाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम किसी भी रूप में धरातल पर व्यावहारिक नहीं है। इस व्यवस्था को लागू करने से प्राथमिक शिक्षा और प्राथमिक पाठशालाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना तय है। उन्होंने कहा पहले ही प्रदेश के अनेक प्राथमिक स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में नई व्यवस्था ने स्कूलों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। कई प्राथमिक स्कूलों में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं से लैब अटेंडेंट और सीएंडवी शिक्षकों सहित अन्य कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। इससे छोटे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, क्योंकि ये कर्मचारी दस वर्ष से कम आयु के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित नहीं होते। वहीं, यदि स्नातक शिक्षकों को प्राथमिक स्कूलों में प्रतिनियुक्त किया जाता है, तो उनकी अपनी कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित होगी। ऐसे में यह व्यवस्था धरातल पर असमंजस की स्थिति पैदा कर रही है। न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम से जेबीटी शिक्षक वर्ग की भविष्य में होने वाली पदोन्नतियां भी काफी प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी और केंद्रीय मुख्य शिक्षकों की कई प्रशासनिक शक्तियां भी इस व्यवस्था के तहत सीमित कर दी गई हैं, जिसे संघ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। संघ लगातार इस व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी प्रणाली बहाल करने की मांग उठा रहा है। इसी मांग को लेकर करीब 100 दिन से शिमला में क्रमिक अनशन भी किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी यदि सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ ने आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का घेराव करने का भी एलान किया। विरोध प्रदर्शन में कपिल देव, अनिल कुमार, अवतार सिंह, सुशील कुमार, यशपाल सिंह, सुशीला देवी, अनामिका, मंजना कुमारी, सरिता रानी, सोनी देवी, बेबी शर्मा, रजनीश कुमारी, पूनम और वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
#PrimaryTeachersMobilizeAgainstTheNewComplexSystem #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 17:54 IST
Kangra News: न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ लामबंद हुए प्राथमिक शिक्षक #PrimaryTeachersMobilizeAgainstTheNewComplexSystem #VaranasiLiveNews
