Aligarh News: नगर निगम कर्मी बन 3.22 लाख ठगे, भेजी फर्जी रसीद
सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित जाकिर हुसैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 3.22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर कर जमा कराने के नाम पर यह रकम हड़प ली। उन्होंने व्हाट्सएप के जरिये स्कूल को फर्जी रसीद भी भेजी।स्कूल के सेक्रेटरी-कम-मैनेजर प्रोफेसर मोहम्मद नवेद खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में मो. अकील अपने एक अज्ञात साथी के साथ स्कूल आया था। आरोपियों ने खुद को नगर निगम अलीगढ़ का कर्मचारी बताया। उन्होंने स्कूल के हाउस, वाटर व ड्रेनेज कर से जुड़ा पूरा ब्योरा दिखाया। इससे स्कूल प्रबंधन को उन पर भरोसा हो गया। दो अप्रैल 2026 को मैनेजर कार्यालय में मो. अकील को 3.22 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बदले उसने व्हाट्सएप पर एक पीडीएफ रसीद भेज दी। हाल ही में नगर निगम के 37 लाख रुपये के गबन की खबर से स्कूल प्रबंधन को शक हुआ। नगर निगम कार्यालय में रिकॉर्ड की पड़ताल करने पर पता चला कि स्कूल की कर राशि जमा नहीं हुई थी। आरोपी के मोबाइल नंबर भी बंद मिले। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि मो. अकील और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और गबन की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
#AligarhNews #NagarNigam #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 03:05 IST
Aligarh News: नगर निगम कर्मी बन 3.22 लाख ठगे, भेजी फर्जी रसीद #AligarhNews #NagarNigam #VaranasiLiveNews
