PM Modi France Visit: पीएम मोदी-मैक्रों करेंगे भारत इनोवेट्स का आगाज, फ्रांस में दिखेगा भारत के नवाचार का दम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 13 जून से फ्रांस के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा छह दिन का है। वह 13-14 जून और 16-18 जून (एवियन और पेरिस) को फ्रांस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ भारत इनोवेट्स-2026 का उद्घाटन करेंगे। भारत सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 120 भारतीय नवोन्मेषक, 15 उच्च शिक्षा संस्थान और 500 से अधिक निवेशक भाग ले रहे हैं। यह एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण जैसे 13 प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित होगा। दुनिया इस मंच से भारत के बढ़ते नवाचार और डीप टेक इकोसिस्टम की झलक देखेगी। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा, भारत इनोवेट्स 2026 के लिए देश से 120 स्टार्टअप का चयन करने वाली तकनीकी निरीक्षण समिति के अध्यक्ष व प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी रहेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख कॉरपोरेट और वेंचर कैपिटल फर्म तथा वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और उद्योग जगत के दिग्गज भी शामिल होंगे। भारत के डीपटेक और स्टार्टअप की रहेगी धूम फ्रांस के नीस में पहली बार भारत इनोवेट्स 2026 को मंच मिला है। वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के सामने भारत अपने डीपटेक, नवोन्मेषकों और स्टार्टअप्स को प्रदर्शित करेगा। इससे भारत और वैश्विक हितधारकों के बीच नवाचार-आधारित साझेदारी बढ़ाने के मौके बढ़ेंगे। इस मौके पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं संभव हैं, जिनमें डीप टेक, अनुसंधान व विकास, स्टार्टअप विस्तार और सीमा पार निवेश सुविधा में सहयोग ढांचे सुदृढ़ बनाना शामिल है। भारत-फ्रांस के बीच बढ़ेगी साझेदारी इस मंच से भारत और फ्रांसी के बीच नवाचार तंत्र के बीच साझेदारी का मौका खुलेगा। इसमें सह-विकास, टेक्नोलॉजी एक्सचेंज, उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक साथ काम करना शामिल है। इसका मकसद, प्रतिभागी नवोन्मेषकों और संस्थानों को निवेशकों, निगमों, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संगठनों और सरकारी हितधारकों से जोड़ना है। इससे बाजार में पहुंच और भारतीय नवाचारों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलेगा। फरवरी में मैक्रों आए थे भारत इससे पहले जयशंकर जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए इसी स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके अन्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने की भी संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने 17 से 19 फरवरी के बीच भारत का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और मुंबई में 2026 भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की शुरुआत भी की थी। दोनों नेताओं ने भविष्य में संबंधों को और मजबूत करते हुए इसे विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने पर सहमति जताई थी।
#IndiaNews #National #PmModiFranceVisit #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 03:11 IST
PM Modi France Visit: पीएम मोदी-मैक्रों करेंगे भारत इनोवेट्स का आगाज, फ्रांस में दिखेगा भारत के नवाचार का दम #IndiaNews #National #PmModiFranceVisit #VaranasiLiveNews
