'₹22 हजार लगाओ, हर महीने ₹30 लाख कमाओ': वित्त मंत्री के AI वीडियो की खुली पोल, PIB ने बताया पूरा सच

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कथित तौर पर एक ऐसी निवेश योजना का समर्थन करती दिखाई दे रही हैं, जो महज 22 हजार रुपये लगाकर हर महीने 30 लाख रुपये तक कमाने का दावा करती है। वीडियो को देखकर कई लोग इसे सरकारी योजना समझ रहे हैं, लेकिन इसकी हकीकत कुछ और ही है। सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस वीडियो की सच्चाई सामने लाते हुए इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है। वायरल वीडियो में क्या है वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति शुरुआती तौर पर 22 हजार रुपये निवेश करता है तो वह रोजाना 1 लाख रुपये और महीने में करीब 30 लाख रुपये तक कमा सकता है। वीडियो में यह भी कहा गया है कि यह कोई विज्ञापन नहीं बल्कि सरकार की ओर से दी गई गारंटी है और देश का कोई भी बैंक इस योजना के तहत भुगतान करेगा। दावा विश्वसनीय बनाने के लिए वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस कथित योजना का समर्थन करते हुए दिखाया गया है। एआई से बनाया गया वीडियो हालांकि, PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट है। एजेंसी ने साफ कहा कि न तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और न ही भारत सरकार ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म को मंजूरी दी है, उसका पंजीकरण किया है या उसका प्रचार किया है। 💸 Have you come across a video offering ₹30 lakh per month❓🚨 Beware! It's a scam.A sponsored advertisement on #Facebook is circulating an AI-generated video falsely showing Union Finance Minister @nsitharaman endorsing an investment scheme that claims to offer ₹30 lakh… pic.twitter.com/Q8COWojwXAmdash; PIB Fact Check (@PIBFactCheck) August 4, 2026 PIB ने दी सतर्क रहने की चेतावनी PIB के अनुसार, साइबर ठग अब AI तकनीक का इस्तेमाल कर नकली वीडियो और फर्जी बयान तैयार कर रहे हैं। इन वीडियो में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों को निवेश के लिए उकसाया जाता है। चूंकि ऐसे वीडियो पहली नजर में असली जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए कई लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं। PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से जरूर सत्यापित करें। केवल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो या पोस्ट के आधार पर निवेश का फैसला न लें और किसी भी अनजान वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें। फर्जी वीडियो दिखे तो करें ये काम यदि आपके सामने भी इस तरह का कोई AI से तैयार फर्जी वीडियो या भ्रामक निवेश संबंधी पोस्ट आता है, तो उसकी शिकायत PIB Fact Check को की जा सकती है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 8799711259 या ईमेल factcheck@pib.gov.in पर जानकारी भेजी जा सकती है। PIB का कहना है कि समय रहते ऐसी फर्जी सामग्री की रिपोर्ट करने से ऑनलाइन ठगी और गलत जानकारी के प्रसार पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

#SocialNetwork #Technology #National #PibFactCheck #PibFakeNews #CyberScamIndia #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 05, 2026, 04:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'₹22 हजार लगाओ, हर महीने ₹30 लाख कमाओ': वित्त मंत्री के AI वीडियो की खुली पोल, PIB ने बताया पूरा सच #SocialNetwork #Technology #National #PibFactCheck #PibFakeNews #CyberScamIndia #VaranasiLiveNews