पीजीआई नर्सिंग भर्ती: पास कराने का लिया ठेका, सख्ती बढ़ी तो फेल कराया सर्वर; परीक्षा रद्द, एसटीएफ कर रही जांच
राजधानी लखनऊ में एसजीपीजीआई की रविवार को होने वाली नर्सिंग और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती परीक्षा सेंधमारी की साजिश के चलते रद्द कर दी गई। एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा कराने वाली कंपनी से जुड़े कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों को पास कराने का ठेका ले लिया। इसकी भनक लगते ही एसटीएफ सक्रिय हो गई और परीक्षा केंद्रों पर सख्ती बढ़ा दी। एसजीपीजीआई प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ाई है। अपने मंसूबों में कामयाब न हो पाने की आशंका में साजिशकर्ताओं ने सर्वर के जरिये बायोमीट्रिक सत्यापन फेल करवा दिया। इससे अभ्यर्थियों ने प्रवेश में देरी को लेकर केंद्रों में हंगामा किया। इसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। संस्थान ने जल्द ही परीक्षा की नई तारीख घोषित करने की बात कही है। इसकी जानकारी संबंधित अभ्यर्थियों को दी जाएगी। पूरे मामले की जांच एसटीएफ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में पास कराने की साजिश करने वालों ने अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली थी। इसमें परीक्षा कराने वाली कंपनी से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। जांच में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है। जांच एजेंसी पुख्ता साक्ष्य जुटा रही है। इसके बाद संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है। सात केंद्रों पर होनी थी परीक्षा, 8500 अभ्यर्थी थे शामिल एसजीपीजीआई में नर्सिंग और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती के दूसरे चरण की परीक्षा रविवार को सात केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। इसमें करीब 8500 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। पहली पाली की परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर तकनीकी खराबी आने के कारण संस्थान ने सभी केंद्रों की दोनों पालियों की परीक्षा रद कर दी।
#CityStates #Lucknow #UttarPradesh #SgpgiExamCancelled #StfProbeUp #NursingStaffExamScam #LucknowSgpgiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 09:02 IST
पीजीआई नर्सिंग भर्ती: पास कराने का लिया ठेका, सख्ती बढ़ी तो फेल कराया सर्वर; परीक्षा रद्द, एसटीएफ कर रही जांच #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #SgpgiExamCancelled #StfProbeUp #NursingStaffExamScam #LucknowSgpgiNews #VaranasiLiveNews
