Haryana: नारनौल में एसीबी की कार्रवाई, पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार; जमीन से जुड़े कार्य के लिए मांग रहा था घूस
नारनौल में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो जमीन से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांग रहा था। एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि नारनौल के रहने वाले ओमप्रकाश नामक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वह अपनी जमीन का इंतकाल (दाखिल-खारिज) चढ़वाने के लिए कंसोलिडेटेड ऑफिस में तैनात पटवारी प्रदीप के पास गया था। इस दौरान आरोपी ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित ने बताया कि पटवारी पहले ही तीन हजार रुपये ले चुका था और बाकी सात हजार रुपये शाम को देने के लिए कहा गया था। इसके बाद पीड़ित ने एसीबी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी को सात हजार रुपये लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
#CityStates #Mahendragarh/narnaul #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 16, 2026, 17:14 IST
Haryana: नारनौल में एसीबी की कार्रवाई, पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार; जमीन से जुड़े कार्य के लिए मांग रहा था घूस #CityStates #Mahendragarh/narnaul #VaranasiLiveNews
