पंचकूला स्कूल कांड: कहां हुई चूक? दो कमेटियों ने संभाला मोर्चा; आरोपी छात्र का दाखिला भी जांच के घेरे में

पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर हमले की घटना ने स्कूल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षकों और स्टाफ की तैनाती से लेकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कमरों को खुला छोड़ने तक, हर स्तर पर हुई संभावित चूक की अब जांच होगी। शिक्षा विभाग की दो अलग-अलग कमेटियां सोमवार को स्कूल पहुंचीं। दोनों ने अपने-अपने स्तर पर जांच करते हुए स्कूल का रिकॉर्ड कब्जे में लिया। बीईओ की अध्यक्षता वाली टीम ने करीब दो घंटे तक वारदात के समय मौजूद कार्यवाहक इंचार्ज और दोनों अध्यापिकाओं से पूछताछ की। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के बाद बच्ची को अस्पताल पहुंचाने और उपचार शुरू कराने में देरी क्यों हुई। चार बिंदुओं पर केंद्रित रही पूछताछ बीईओ की टीम में दो सीनियर प्रिंसिपल भी शामिल हैं। टीम ने स्कूल में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की पड़ताल के लिए चार प्रमुख पहलुओं पर सवाल-जवाब किए। शिक्षकों की मौजूदगी और ड्यूटी: टीम ने पूछा कि घटना के समय किस शिक्षक की किस कक्षा में ड्यूटी थी और सहायक स्टाफ कहां तैनात था। जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि 30 बच्चों पर एक शिक्षक के मानक के मुकाबले स्कूल में करीब 70 बच्चों पर एक शिक्षक तैनात था। ऐसे में बच्चों की निगरानी की जिम्मेदारी किसके पास थी, इसकी भी पड़ताल की गई। सीसीटीवी निगरानी में चूक: प्रिंसिपल के कमरे में सभी कैमरों की स्क्रीन लगी होने के बावजूद बच्ची के स्कूल से बाहर निकलने की जानकारी समय पर क्यों नहीं मिली, टीम ने इस पर सवाल किए। प्रिंसिपल के स्कूल छोड़ने के बाद कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी किसे सौंपी गई थी, इसकी भी जानकारी मांगी गई। कमरे खुले छोड़ने की लापरवाही: परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान पहली मंजिल के कमरे खोले गए थे। आरोप है कि निरीक्षण के बाद वॉचमैन ने कमरों पर ताला नहीं लगाया। इसी खुले कमरे में तीसरी कक्षा के छात्र ने बाल वाटिका की बच्ची के साथ वारदात की। टीम ने वॉचमैन और सहायक स्टाफ से पूछा कि निरीक्षण के बाद कमरों को बंद करने की जिम्मेदारी किसकी थी और ताला क्यों नहीं लगाया गया। मिड-डे मील और खेल नर्सरी: भोजन वितरण के समय मौजूद स्टाफ की भूमिका और स्कूल परिसर में संचालित खेल नर्सरी के संचालक की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। टीम ने यह जानने का प्रयास किया कि उस समय परिसर में कौन-कौन मौजूद था और बच्चों की निगरानी की व्यवस्था कैसी थी।

#CityStates #Panchkula #PanchkulaSchoolIncident #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 09:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पंचकूला स्कूल कांड: कहां हुई चूक? दो कमेटियों ने संभाला मोर्चा; आरोपी छात्र का दाखिला भी जांच के घेरे में #CityStates #Panchkula #PanchkulaSchoolIncident #VaranasiLiveNews