Noida: शहर की आधी आबादी खरीद रही ज्यादा जमीन, हर वर्ष बढ़ती जा रही है संख्या; इस साल बनेगा नया रिकॉर्ड

शहर में महिलाएं जमीन लेने में पुरुषों के मुकाबले बराबरी से दिलचस्पी दिखा रही हैं। साल दर साल महिलाओं की ओर से जमीन खरीदने की संख्या में इजाफा हो रहा है। रजिस्ट्री विभाग से मिले आकड़े दर्शाते हैं कि महिलाएं सरकारी छूट का लाभ उठाकर खुद के नाम जमीन खरीद रही हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले में 35,109 महिलाओं के नाम पर संपत्तियों की रजिस्ट्री दर्ज की गई थी। यह संख्या अगले ही वर्ष 2023-24 में बढ़कर 42,465 हो गई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा और बढ़कर 44,163 तक पहुंच गया। आंकड़ा अभी तक घटा नहीं बल्कि इस वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में और भी बढ़त देखने को मिल रही है। फरवरी माह तक ही महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री का आंकड़ा 44,256 को पार कर चुका है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक यह संख्या एक नया रिकाॅर्ड स्थापित कर सकती है। इनकी संख्या बढ़ने का एक और कारण यूपी सरकार की ओर से महिलाओं को रजिस्ट्री कराने के मामले में मिलने वाली एक फीसदी की छूट भी है, जिसके चलते उन्हें सरकार से बेहतर छूट मिलती है। नियम के अनुसार, महिलाओं को 10 लाख रुपये तक की संपत्ति पर इस छूट का सीधा लाभ मिलता है। गौतमबुद्ध नगर अपने आप में तेजी से उभरता जिला है, जहां संपत्तियों के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां संपत्तियों की कीमतें अधिक होने के कारण एक फीसद की छूट भी लाखों रुपये की बचत करा देती है। संपत्ति खरीदने के लिए ऋण में भी राहत अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं को संपत्ति खरीदने के लिए बैंकों की ओर से आसानी से ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में उन्हें ज्यादा बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जहां महिलाएं फ्लैट से लेकर जमीन, उद्यम के लिए कमर्शियल प्लॉट भी अपने नाम करा रही हैं। बीते साल 5200 महिलाओं ने शुरू किया अपना उद्यम जिला उद्योग केंद्र के आकड़े के अनुसार, शहर में बीते साल करीब 5200 महिलाओं ने अपना उद्यम शुरू किया। इनमें से अधिकतर महिलाओं ने या तो कमर्शियल जमीन अपने नाम कराई या फिर लीज पर जमीन लेकर अपना उद्यम शुरू किया। ऐसे में कहा जा सकता है कि महिलाएं तेजी से पुरुषों के बराबर अपना वर्चस्व बढ़ाने में जुटी हैं। अभी वित्त वर्ष समाप्त नहीं हुआ है। मार्च के अंत तक यह आंकड़ा और बढ़ेगा। लोगों में जागरूकता आ रही है, इस वजह से यह संख्या बढ़ती जा रही है। -अरुण कुमार शर्मा, एआईजी प्रथम, उप निबंधन विभाग, गौतमबुद्ध नगर

#CityStates #DelhiNcr #Noida #PurchasingLand #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 26, 2026, 04:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida: शहर की आधी आबादी खरीद रही ज्यादा जमीन, हर वर्ष बढ़ती जा रही है संख्या; इस साल बनेगा नया रिकॉर्ड #CityStates #DelhiNcr #Noida #PurchasingLand #VaranasiLiveNews