सूचना मंत्रालय की इंटर्नशिप: सरकारी परियोजनाओं पर काम करने का मिलेगा अनुभव, 20 दिसंबर तक करें आवेदन
नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर सर्विसेज इंक. (एनआईसीएसआई) की ओर से इंटर्नशिप स्कीम 2026-27 शुरू की गई है। यह भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत काम करती है। इस योजना के तहत भारत और विदेश के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में पढ़ाई कर रहे योग्य विद्यार्थियों से विंटर बैच के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकारी डिजिटल सेवाओं और आईटी परियोजनाओं की कार्यप्रणाली समझने का मौका देना है। योजना का उद्देश्य इस इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को ई-गवर्नेंस समाधान, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी आईटी इकोसिस्टम की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा। साथ ही, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने से उन्हें व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान की जानकारी भी मिलेगी। कई तकनीकी क्षेत्रों में मिलेगा अनुभव इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और उपलब्ध परियोजनाओं के अनुसार अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिल सकता है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, डाटा साइंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग और डाटा सेंटर से जुड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन, डाटाबेस मैनेजमेंट और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में भी अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। कौन कर सकता है आवेदन इस योजना के लिए कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित तकनीकी विषयों की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी पात्र हैं। इसके अलावा, बीटेक/बीई, एमटेक/एमई, एमसीए, कंप्यूटर साइंस, आईटी, डाटा साइंस, एआई या संबंधित विषयों में एमएससी कर रहे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। स्नातक स्तर के आवेदकों ने दूसरे वर्ष या चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं पूरी कर ली हों या उनमें शामिल हुए हों। साथ ही, 12वीं कक्षा में कम से कम 70 प्रतिशत अंक होने जरूरी हैं। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने पहले वर्ष या दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं पूरी कर ली हों या उनमें शामिल हुए हों। वहीं, अंतिम वर्ष की परीक्षा दे चुके या स्नातक अथवा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर आगे की शिक्षा में प्रवेश का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों पर भी विचार किया जा सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों के सभी सेमेस्टर में कम से कम 70 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। छह महीने का होगा कार्यक्रम एनआईसीएसआई का विंटर इंटर्नशिप बैच जनवरी से जून 2027 तक चलेगा। इसकी कुल अवधि छह महीने होगी। यह सशुलक कार्यक्रम है, इसलिए चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित सरकारी नीति और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के अनुसार मासिक वजीफा दिया जाएगा। जरूरी दस्तावेज रखें तैयार इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार एनआईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट nicsi.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले पात्रता संबंधी शर्तों और जरूरी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंक-पत्र और संस्थान से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।
#Jobs #Education #National #NicsiWinterInternship2026 #Nicsi #Internship #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 13:29 IST
सूचना मंत्रालय की इंटर्नशिप: सरकारी परियोजनाओं पर काम करने का मिलेगा अनुभव, 20 दिसंबर तक करें आवेदन #Jobs #Education #National #NicsiWinterInternship2026 #Nicsi #Internship #VaranasiLiveNews
