NEET UG : आज त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में अभ्यर्थी देंगे नीट यूजी की परीक्षा. एसटीएफ अलर्ट मोड पर
नीट यूजी पुनर्परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस ने खाका तैयार किया है। एसटीएफ को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत अधिकारियों से लेकर जवानों तक की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 15 एसीपी और सभी थाना प्रभारियों के हाथों में रहेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक (एसआई), दो हेड कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के लिए कुल करीब 250 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री को बैंकों से परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा के बाद वापस जमा कराने के लिए प्रत्येक केंद्राध्यक्ष के साथ एक-एक सशस्त्र आरक्षी तैनात रहेगा। इसके लिए सशस्त्र आरक्षियों की ड्यूटी सुबह छह बजे से लगाई गई है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए जंक्शन, प्रयाग स्टेशन, रामबाग, सुबेदारगंज रेलवे स्टेशन, जीरो रोड बस अड्डा और सिविल लाइंस रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की गई है। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा गया है।
#CityStates #Prayagraj #NeetUg2026 #NeetUg #NeetExamDate2026 #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 19:34 IST
NEET UG : आज त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में अभ्यर्थी देंगे नीट यूजी की परीक्षा. एसटीएफ अलर्ट मोड पर #CityStates #Prayagraj #NeetUg2026 #NeetUg #NeetExamDate2026 #VaranasiLiveNews
