बिहार: एसकेएमसीएच में महिला मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों का आरोप- इंजेक्शन देते ही चली गई जान
एसकेएमसीएच में एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कई घंटों तक विरोध जताया। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। घटना शनिवार देर शाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जरी इमरजेंसी विभाग की है। मृतका की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के भरकुरवा गांव निवासी केवल राम की 34 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति केवल राम ने बताया कि दो दिन पहले पत्नी के पैर में घाव होने के बाद उन्हें इलाज के लिए एसकेएमसीएच लाया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया था। हालांकि, भर्ती होने के बाद से ही इलाज में लापरवाही बरती जा रही थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मरीज की हालत गंभीर थी तो उसे दूसरे अस्पताल में रेफर क्यों नहीं किया गया। केवल राम का आरोप है कि शनिवार सुबह से ही रेखा की तबीयत बिगड़ने लगी थी। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से चिकित्सक को बुलाने के लिए कहा, लेकिन स्टाफ टालमटोल कर वहां से चला गया। दोपहर में दूसरी नर्स के आने पर भी उन्होंने मरीज की बिगड़ती हालत की जानकारी देते हुए चिकित्सक को बुलाने का आग्रह किया। इसके बाद नर्स इंजेक्शन लेकर पहुंची और रेखा को लगाने लगी। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन देते समय ही रेखा की मौत हो गई। मृतका की बहन ने भी सवाल उठाया कि आखिर कौन सा इंजेक्शन दिया गया, जिससे मरीज की हालत सुधरने के बजाय उसकी मौत हो गई। वहीं, महिला मरीज की मौत के मामले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हेल्थ मैनेजर मो. सोहैल अख्तर ने बताया कि मरीज को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसके शरीर में सूजन होने के कारण एडवी कैनुला नहीं लग पा रहा था। इसके बाद वेन स्ट्रिपिंग के लिए मरीज को शल्य कक्ष में ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी और इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप गलत है।
#CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #मुजफ्फरपुरखबर #अस्पतालमेंहंगामा #इलाजमेंअफवाह #रेखादेवी #MuzaffarpurNews #Skmch #DeathOfAFemalePatient #CommotionAtTheHospital #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 29, 2026, 00:18 IST
बिहार: एसकेएमसीएच में महिला मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों का आरोप- इंजेक्शन देते ही चली गई जान #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #मुजफ्फरपुरखबर #अस्पतालमेंहंगामा #इलाजमेंअफवाह #रेखादेवी #MuzaffarpurNews #Skmch #DeathOfAFemalePatient #CommotionAtTheHospital #VaranasiLiveNews
