बिहार: गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में कोचिंग संचालक की मौत, बेटी की फीस जमा कर लौट रहे थे घर; परिवार में मचा कोहराम

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही रोड पर गैस पाइपलाइन में हुए धमाके ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में 45 वर्षीय कोचिंग संचालक श्रीनिवास कुमार सिंह की मौत हो गई। वह अपनी बेटी के स्कूल की फीस जमा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। घर से महज 200 मीटर पहले ही हादसे ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे मोहल्ले में शोक के साथ घटना को लेकर दहशत का माहौल है। श्रीनिवास कुमार सिंह एक सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर के बेटे थे और परिवार के बेहद प्रिय सदस्य थे। वह कोचिंग चलाने के साथ घर की जिम्मेदारियां भी संभालते थे। परिजनों के मुताबिक, घर के छोटे-बड़े कामों से लेकर बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तक की जिम्मेदारी वह खुद उठाते थे। रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद शाम को कोचिंग में बच्चों को पढ़ाते थे। सोमवार को भी वह अपनी बेटी की स्कूल फीस जमा करने गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। परिजनों ने लापरवाही को बताया हादसे की वजह श्रीनिवास की मौत के बाद परिजनों ने घटना को बड़ी लापरवाही का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि सोमवार को हुई इस घटना ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। मृतक के भाई ने बताया कि श्रीनिवास परिवार की हर जरूरत का ध्यान रखते थे। घर के सदस्यों की देखभाल से लेकर उनकी जिम्मेदारियां निभाने तक, हर काम में वह आगे रहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि अब परिवार उनकी कमी कैसे पूरी कर पाएगा। पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल श्रीनिवास की पत्नी इस हादसे से सदमे में हैं। रोते हुए उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया है। अब घर और परिवार की जिम्मेदारियां कौन संभालेगा, यह समझ नहीं आ रहा। उनके मुताबिक, श्रीनिवास कोचिंग चलाने से पहले घर के सभी काम करते थे और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का पूरा ध्यान रखते थे। शाम को कोचिंग में पढ़ाने जाते थे। पत्नी ने कहा कि इस हादसे से परिवार कभी उबर नहीं पाएगा। घर से महज 200 मीटर पहले हुआ हादसा परिजनों के मुताबिक, श्रीनिवास बेटी की स्कूल फीस जमा करके अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले गोबरसही रोड पर गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हो गया और वह हादसे की चपेट में आ गए। उनकी मौत के बाद से परिवार ही नहीं, पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर दहशत बनी हुई है।

#CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 09:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार: गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में कोचिंग संचालक की मौत, बेटी की फीस जमा कर लौट रहे थे घर; परिवार में मचा कोहराम #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #VaranasiLiveNews