Kushinagar News: सांसद ने किया शिलान्यास, शिलापट पर चेयरमैन का नाम नहीं होने पर हंगामा
पडरौना/तमकुहीरोड। सेवरही बाईपास रोड के साथ ही सिसवा नहर-अहिरौलीदान मार्ग पर पुल के शिलान्यास के बाद रविवार को हंगामा हो गया। शिलान्यास के शिलापट और फ्लैक्स बोर्ड पर नगर पंचायत अध्यक्ष का नाम नहीं होने को लेकर उनके समर्थकों ने हंगामा किया। नगर पंचायत अध्यक्ष सोनिया जायसवाल के पति त्रिभुवन जायसवाल और सांसद प्रतिनिधि धीरज सिंह के बीच नोकझोंक भी हुई। मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हंगामा देवरिया के सांसद शशांक मणि के जाने के बाद हुआ। समर्थकों ने इसे नगर पंचायत की उपेक्षा और लापरवाही बताया। हंगामा कर रहे मक्खन जायसवाल, ऋषिकेश वर्मा, ओमप्रकाश गुप्ता, अजय गुप्ता और सुशील सिंह का कहना था कि जिस नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क बननी है, उसी नगर पंचायत के अध्यक्ष का नाम शिलापट और फ्लैक्स बोर्ड पर नहीं होना गंभीर लापरवाही है। इसी बात को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल और सांसद प्रतिनिधि धीरज सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने दोनों पक्षों को समझाया और शांत कराया।सेवरही को मिलेगी जाम से निजात : सेवरही के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। सेवरही बाईपास का निर्माण शुरू हो गया है। साथ ही सिसवा नहर-अहिरौलीदान मार्ग पर पुल निर्माण की भी हरी झंडी मिल गई है। बाईपास और पुल बनने से सेवरही शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा। शासन की वित्तीय स्वीकृति के बाद रविवार को सांसद व विधायक ने हनुमान कुटी के पास भूमि पूजन कर सेवरही ब्लाॅक से टिकुलिया मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य आरंभ कराया।18.33 करोड़ की लागत से जीन बाबा स्थान होते टिकुलिया मोड़ तक 5.6 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण के लिए रविवार को देवरिया के सांसद शशांक मणि व तमकुहीराज के विधायक डाॅ. असीम कुमार ने भूमि पूजन किया। कस्बे के जेके सिंह, रमेश ब्याहुत, अजय चौबे, मोती जायसवाल, आदित्य वर्मा, सोनिया वर्मा, श्रीकांत सिंह ने बताया कि सेवरही एक घनी आबादी वाला कस्बा है। काफी पहले बनीं सड़कें संकरी साबित हो रही हैं। बाईपास सड़क नहीं होने से सभी तरह के वाहन कस्बा के बीच से होकर गुजरी मुख्य मार्ग के रास्ते ही आवागमन करते हैं। इसके चलते हर दिन सुबह से लेकर रात करीब नौ बजे से जाम की समस्या बनी रहती है। ठंडी के मौसम में तो कस्बा में जाम की समस्या और बढ़ जाती है। बाईपास सड़क बनने के बाद चीनी मिल के यार्ड के अलावाल पिपराघाट, मलाही टोला समेत बिहार की तरफ से जाने वाले वाहन बाईपास मार्ग से निकल जाएंगे। सिसवा नाहर-अहिरौलीदान जाने वाली मार्ग पर 46 मीटर लंबे सेतु के निर्माण पर करीब 760 लाख रुपये खर्च होंगे। सिसवा नाहर-अहिरौलीदान एक तरफ तमकुहीराज को जोड़ती है, तो वहीं दूसरी तरफ खैरटिया होते हुए अहिरौलीदान के रास्ते पड़ोसी प्रांत बिहार को जोड़ती है। इस रास्ते हर दिन 500 से अधिक लोगों का तमकुहीराज और सेवरही कस्बा में बाजार समेत अन्य कार्यों के लिए आवागमन होता है। इस मार्ग पर पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद न केवल क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी, बल्कि बिहार प्रांत के सीमावर्ती गांव के लोगों को तमकुहीराज और सेवरही कस्बा तक सफर बेहतर हो जाएगा।
#KushinagarNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 02:30 IST
Kushinagar News: सांसद ने किया शिलान्यास, शिलापट पर चेयरमैन का नाम नहीं होने पर हंगामा #KushinagarNews #VaranasiLiveNews
