Moradabad: ठाकुरद्वारा में पथराव, आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पास ही चल रही भाजपा नेता की जन्मदिन पार्टी
नारायणपुर छंगा गांव में बृहस्पतिवार देर रात भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आए लोगों का अन्य ग्रामीणों से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। इस दौरान डॉ. आंबेडकर की मूर्ति भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हुए हैं। गांव में तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दी गई है। बताया जा रहा है कि नारायणपुर छंगा गांव में मिश्रित आबादी है। 2022 में भाजपा से ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े अजय प्रताप सिंह भी इसी गांव में रहते हैं। दो दिन पहले ही गांव में डॉ. आंबेडकर की जयंती मनाई गई थी। बृहस्पतिवार को भाजपा नेता अजय का जन्मदिन था। कार्यक्रम में शामिल होने आए कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियां गांव में लगी डॉ. आंबेडकर की मूर्ति के पास खड़ी कर दी थीं। गांव निवासी प्रकाश वीर ने बताया कि कुछ लोग मूर्ति के पास गाड़ी खड़ी कर रहे थे। उन्हें रोका तो लोग भड़क गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान मूर्ति भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रकाश वीर का कहना है कि उनके पक्ष के सात लोग घायल हो गए हैं। अजय प्रताप सिंह का कहना है कि उन्होंने ही दो साल पहले ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकर मूर्ति लगवाई थी लेकिन कुछ लोग यहां कूड़ा डालने लगे थे। कुछ ही दूरी पर शनिदेव मंदिर है। लोगों ने कूड़ा डालने का विरोध किया तो विवाद हुआ। वहां गाड़ियां खड़ी थीं। इसी दौरान किसी ने पथराव कर दिया। कार्यक्रम में शामिल होने आए चार लोग घायल हुए हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस मौके पर है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में जातीय तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं है।
#CityStates #Moradabad #UttarPradesh #ThakurdwaraUnrest #Stone-peltingInThakurdwara #AmbedkarStatueDamaged #ThakurdwaraPolice #MoradabadPolice #MoradabadUnrestUpdate #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 17, 2026, 07:31 IST
Moradabad: ठाकुरद्वारा में पथराव, आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पास ही चल रही भाजपा नेता की जन्मदिन पार्टी #CityStates #Moradabad #UttarPradesh #ThakurdwaraUnrest #Stone-peltingInThakurdwara #AmbedkarStatueDamaged #ThakurdwaraPolice #MoradabadPolice #MoradabadUnrestUpdate #VaranasiLiveNews
