Rajasthan ANTF News: जब 'मोहनथाल' बन गया मुखबिर! एक मिठाई के डब्बे से ड्रग माफिया कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब एक साल से फरार 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर हनुमान उर्फ राजू को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार कर लिया। दिलचस्प बात यह रही कि उसकी गिरफ्तारी की कड़ी एक मिठाई के डिब्बे से जुड़ी, जिसने पुलिस को सीधे उसके ठिकाने तक पहुंचा दिया। महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि आरोपी श्रीगंगानगर जिले के रजियासर थाना क्षेत्र में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और हर बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अपने भाई के संपर्क में रहता था, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रैक करने में कठिनाई हो रही थी। 100 बीघा जमीन छोड़ चुना तस्करी का रास्ता नागौर जिले के खींवसर क्षेत्र निवासी हनुमान उर्फ राजू के पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि थी। लेकिन आसान कमाई और ऐशो-आराम की चाह में वह मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा बन गया। वर्ष 2025 में उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसका नाम सामने आया और तब से वह फरार चल रहा था। ई-मित्र केंद्र से मिली पहली सुराग जांच के दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी की पत्नी ई-मित्र केंद्र पर गुजरात पैसे भेजने संबंधी जानकारी ले रही है। इसी बीच पता चला कि आरोपी कुछ समय के लिए गांव आया था, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले ही निकल गया। तलाशी के दौरान घर के बाहर मिले कचरे में वडोदरा की प्रसिद्ध मिठाई का डिब्बा मिला। यहीं से जांच की दिशा गुजरात की ओर मुड़ गई। पार्क में टहलने की आदत बनी गिरफ्तारी की वजह एएनटीएफ की टीम वडोदरा पहुंची और कई दिनों तक निगरानी करती रही। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी रोजाना लगभग एक ही समय पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अपने भाई को फोन करता था। हर बार उसकी लोकेशन एक ही स्थान पर मिल रही थी। जांच करने पर वह स्थान एक पार्क निकला। पहले से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी को सुबह-शाम पार्क में टहलने की आदत थी। टीम ने जाल बिछाया और तय समय पर पार्क में मोबाइल पर बात कर रहे आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद बोला-पत्नी कोमोहनथाल पहुंचाने दो गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस टीम से अनुरोध किया कि उसे पत्नी के लिए वडोदरा की मशहूर मोहनथाल मिठाई साथ ले जाने दी जाए। उसने बताया कि उसकी पत्नी को यह मिठाई बेहद पसंद है और वह जब भी घर जाता था, इसे जरूर लेकर जाता था। एएनटीएफ के अनुसार ऑपरेशन में शामिल टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
#CityStates #Jaipur #Rajasthan #MohanthalTurnsInformant #SweetBoxClue #RewardedDrugSmugglerArrested #RajasthanAntf #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 03:51 IST
Rajasthan ANTF News: जब 'मोहनथाल' बन गया मुखबिर! एक मिठाई के डब्बे से ड्रग माफिया कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे #CityStates #Jaipur #Rajasthan #MohanthalTurnsInformant #SweetBoxClue #RewardedDrugSmugglerArrested #RajasthanAntf #VaranasiLiveNews
