अंबाला कैंट में आधी रात हंगामा: मंदिर के महंत से बदसलूकी, डॉग लवर के खिलाफ भड़के लोगों ने चौकी घेरी

अंबाला छावनी में सोमवार देर रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब प्रसिद्ध हाथी खाना मंदिर के महंत के साथ कथित अभद्रता के विरोध में कई शिव भक्त और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने डॉग लवर वंशिका लाम्बा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी का घेराव किया। प्रदर्शन का यह सिलसिला देर रात करीब एक बजे तक बदस्तूर जारी रहा, जिसमें स्थानीय संतों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पिल्लों को हटाने पर उपजा था विवाद जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हाथी खाना मंदिर परिसर में मौजूद लावारिस कुत्ते के पिल्लों को मंदिर प्रबंधन द्वारा किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया गया था। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इसी बात से खफा होकर तथाकथित डॉग लवर वंशिका लाम्बा ने मंदिर के महंत के साथ तीखी बहस की और उनके साथ घोर अभद्रता की। धार्मिक स्थल के प्रमुख के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में गहरा रोष फैल गया। पुलिस चौकी पर पंचायत विफल, स्थिति भांप महिला को निकाला सोमवार रात मामला उस वक्त और भड़क गया जब कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में साधु-संत और स्थानीय लोग हाउसिंग बोर्ड चौकी पहुंच गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने समाधान के उद्देश्य से डॉग लवर वंशिका लाम्बा को भी चौकी में बातचीत के लिए बुलाया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी और माहौल और ज्यादा गरमा गया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या और उग्र तेवरों को देखते हुए पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से वंशिका को वहां से सुरक्षित बाहर निकाल दिया। उधर, देर रात तक चौकी के बाहर डटे लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक डॉग लवर महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

#CityStates #Ambala #AmbalaCantt #Priest #DogLover #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 09:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अंबाला कैंट में आधी रात हंगामा: मंदिर के महंत से बदसलूकी, डॉग लवर के खिलाफ भड़के लोगों ने चौकी घेरी #CityStates #Ambala #AmbalaCantt #Priest #DogLover #VaranasiLiveNews