कोरबा: पंप हाऊस वार्ड 16 में बिजली के खंभे में भीषण आग, तारों के जलने से मचा हड़कंप

देर रात शहर के पंप हाऊस वार्ड नंबर 16 में उस समय हड़कंप मच गया जब बजरंग अग्रवाल के घर के पास लगे बिजली के खंभे पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि खंभे पर विद्युत तार पल भर में जलकर खाक हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार आग देर रात लगी। खंभे से चिंगारी निकलती देख आसपास के लोगों ने पहले शोर मचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। खंभे पर लगे तारों के झुंड में आग लगने से आसपास चिंगारियां उड़ने लगीं। लोगों को डर था कि आग खंभे से सटे घरों तक न पहुंच जाए, क्योंकि तारों का जाल सीधे मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रहा था। आग की सूचना मिलते ही वार्ड के लोग बाल्टी और डिब्बों में पानी भरकर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो खंभे से जुड़े घरों में भी आग लग सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना तुरंत विद्युत विभाग को दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। खंभे पर मकड़ी जाल की तरह बेतरतीब ढंग से लटके तारों में स्पार्किंग होने से आग भड़क उठी। सबसे चिंता की बात यह है कि खंभे पर लगे ये तार वैध हैं या अवैध, यह जांच का विषय है। वार्ड में कई जगह अवैध कनेक्शन और ओवरलोडिंग की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। घटना के बाद वार्डवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि शहर में बिजली के खंभों पर लगे अवैध और जर्जर तारों को हटाकर नई लाइन बिछाई जाए। लोगों का कहना है कि देर रात लगी इस आग ने उन्हें डरा दिया है। अगर आग घरों तक पहुंच जाती तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर लाइन दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। खंभे पर लगे तारों की वैधता भी चेक की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।

#CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 23, 2026, 10:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
City states Crime Korba



कोरबा: पंप हाऊस वार्ड 16 में बिजली के खंभे में भीषण आग, तारों के जलने से मचा हड़कंप #CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews