BJP: मनोज तिवारी का आरोप- विपक्ष साजिश के तहत पीएम मोदी को बोलने नहीं दे रहा, ये जनता के पैसे की बर्बादी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि विपक्ष एक साजिश के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में बजट पर बोलने नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार संसद के माध्यम से बजट के महत्वपूर्ण प्रावधान जनता को बताना चाहती है, लेकिन विपक्ष व्यर्थ के मुद्दों को उठाकर जनता का पैसा बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष महिला सांसदों को आगे रखकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देना चाहती थी, लेकिन सत्तापक्ष ने समझदारी से इसे टाल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को उचित नहीं कहा जा सकता। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अब तक लोगों को बजट से केवल टैक्स छूट की जानकारी मिलने की ही उम्मीद रहती थी। यह छूट भी थोड़ी-बहुत ही हुआ करती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले वर्ष 12 लाख रुपए तक की आय को पूरी तरह करमुक्त कर दिया। इससे आम लोगों को बड़ा लाभ हुआ। व्यावहारिक रूप से 12.75 लाख रुपए वार्षिक कमाने वालों को अब कोई कर नहीं चुकाना पड़ता। भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने कहा कि इस बजट की एक बड़ी विशेषता हर जिले में स्किल सेंटर स्थापित करना है। इससे बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के हर राज्य और हर जिले में लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे सबसे निचले स्तर के लोगों को मजबूती दी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में ज्ञान (GYAN यानी युवा, महिला, किसान और गरीब) के चार वर्गों की बात की थी। सरकार बजट के माध्यम से इन सभी चारों वर्गों के कल्याण की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, क्लाउड कम्प्यूटिंग, डाटा संरक्षण और माइक्रोचिप आधारित अर्थव्यवस्था का है। बजट के माध्यम से देश को इसी दिशा में ले जाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इससे भारत आने वाले समय में एक मज़बूत और विकसित राष्ट्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने नियमों में बदलाव कर व्यापार करने की तकनीकी और कानूनी अड़चनो को दूर किया गया है।
#IndiaNews #National #ManojTiwari #BudgetSession2026 #PmModi #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 13:08 IST
BJP: मनोज तिवारी का आरोप- विपक्ष साजिश के तहत पीएम मोदी को बोलने नहीं दे रहा, ये जनता के पैसे की बर्बादी #IndiaNews #National #ManojTiwari #BudgetSession2026 #PmModi #VaranasiLiveNews
