बिहार: महिला के साथ पकड़े जाने पर एएसआई ने की अंधाधुंध फायरिंग, एक ग्रामीण की मौत; तीन घायल
बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलीराजगढ़ गांव में सोमवार आधी रात ऐतिहासिक बलीराजगढ़ की खुदाई की सुरक्षा में तैनात एक एएसआई ने कथित तौर पर ग्रामीणों पर सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेंद्र कुमार खुद थाने में कैंप कर रहे हैं। महिला के घर आने-जाने को लेकर हुआ विवाद एसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, ऐतिहासिक बलीराजगढ़ में खुदाई की सुरक्षा के लिए एक एएसआई की तैनाती की गई थी। वह गांव की ही रहने वाली फूलों देवी के घर सामान लाने के लिए आता-जाता था। इसी दौरान एएसआई और महिला के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई। बताया गया कि सोमवार की रात ग्रामीणों ने एएसआई को महिला के साथ पकड़ लिया और उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, घटना के दौरान क्या हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। गोली लगने से अशोक यादव की मौत, तीन घायल इस गोलीबारी में 45 वर्षीय अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 40 वर्षीय फूलों देवी, 50 वर्षीय बिजेंद्र यादव और 45 वर्षीय धनीकलाल यादव घायल हो गए। सभी बलीराजगढ़ गांव के निवासी बताए गए हैं। गोली किसी को पैर में लगी, जबकि एक व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। तीसरे घायल के सिर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पहुंची डायल 112 की टीम घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। एसपी योगेंद्र कुमार भी रात में अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एएसआई फरार, गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित एसपी ने बताया कि फायरिंग करने वाला एएसआई फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। आरोपी एएसआई को निलंबित करने के साथ ही उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव के बीच पुलिस बल तैनात घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए गांव और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसपी के मुताबिक, फिलहाल माहौल सामान्य है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अब सबकी नजर फरार एएसआई की गिरफ्तारी पर है।
#CityStates #Darbhanga #Bihar #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 12:35 IST
बिहार: महिला के साथ पकड़े जाने पर एएसआई ने की अंधाधुंध फायरिंग, एक ग्रामीण की मौत; तीन घायल #CityStates #Darbhanga #Bihar #VaranasiLiveNews
