साइबर ठगी: आठ हजार रुपये बोनस का झांसा, लिंक खोलते ही बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा

दिवाली पर आठ हजार रुपये बोनस मिलने का संदेश आए तो सावधान हो जाएं। यह साइबर ठगों का नया जाल है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर प्रधानमंत्री के नाम से फर्जी संदेश प्रसारित किया जा रहा है। साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। संदेश में दावा किया जा रहा है कि सरकार दिवाली पर प्रत्येक नागरिक को आठ हजार रुपये दे रही है। केंद्र सरकार ने ऐसी किसी योजना की घोषणा नहीं की है। संदेश के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करने से लोग फर्जी वेबसाइट तक पहुंच सकते हैं। यहां नाम, मोबाइल नंबर और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारियां मांगी जाती हैं। ठग इनका इस्तेमाल बैंक खाते से रकम निकालने या अन्य आर्थिक धोखाधड़ी के लिए कर सकते हैं। सरकारी संस्थाओं की साख पर भी चोट सरकारी योजनाओं के नाम पर फैलाई जाने वाली झूठी सूचनाएं लोगों को भ्रमित करने के साथ सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। बिना किसी आधिकारिक घोषणा के योजना का प्रचार होने से लोगों में अनावश्यक उम्मीदें पैदा होती हैं। बाद में सच्चाई सामने आने पर भ्रम और अविश्वास की स्थिति बनती है। ऑनलाइन खरीदारी में भी बरतें सावधानी दिवाली पर कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी वस्तुओं और उपहारों की ऑनलाइन खरीदारी बढ़ जाती है। साइबर ठग आकर्षक छूट और सीमित समय के ऑफर का लालच देकर लोगों को फर्जी वेबसाइट पर पहुंचा सकते हैं। ऐसे में अनजान ऑनलाइन विक्रेताओं से खरीदारी करने से पहले उनकी विश्वसनीयता जांच लें। किसी भी अनजान लिंक से भुगतान करने से बचें। दिवाली पर गिफ्ट के नाम पर भी हो सकता है खेल त्योहारी सीजन में ऑनलाइन उपहार भेजने और मंगाने का चलन भी बढ़ जाता है। साइबर ठग इसका फायदा उठाकर उपहार मिलने या डिलीवरी अटकने के नाम पर फर्जी संदेश भेज सकते हैं। कई बार कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बनकर भी संपर्क किया जाता है। ऐसे संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति से बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। दिवाली के दौरान साइबर अपराधी लोगों को आकर्षक लालच देकर निशाना बनाने की कोशिश में रहते हैं। आठ हजार रुपये का बोनस संदेश फर्जी है। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें। -नीलेश आनंद भरणे, आईजी एसटीएफ

#CityStates #UdhamSinghNagar #UttarakhandNews #UkNews #RudrapurNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 11:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




साइबर ठगी: आठ हजार रुपये बोनस का झांसा, लिंक खोलते ही बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा #CityStates #UdhamSinghNagar #UttarakhandNews #UkNews #RudrapurNews #VaranasiLiveNews