Barabanki News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, दो अन्य बुरी तरह झुलसे; पढ़ें पूरी खबर
यूपी के बाराबंकी में मंगलवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि, दो बुरी तरह झुलस गए। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसा दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौधरियान मोहल्ले में हुआ। यहां जालपा माता मंदिर परिसर में धर्मशाला के लिए एक कमरे का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें दरियाबाद निवासी रामदत्त पुत्र राजाराम (58), राम अवतार उर्फ मुंडे (48) और कमलेश पुत्र बाबादीन (55) काम कर रहे थे। वह सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ रहे थे। इसी समय छत के ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इससे तीनों मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे लोगों को आनन-फानन निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां रामदत्त की हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मथुरानगर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हुई है। दो अन्य घायल मजदूरों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
#CityStates #Barabanki #Lucknow #UttarPradesh #BarabankiPolice #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 29, 2026, 14:21 IST
Barabanki News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, दो अन्य बुरी तरह झुलसे; पढ़ें पूरी खबर #CityStates #Barabanki #Lucknow #UttarPradesh #BarabankiPolice #VaranasiLiveNews
