Panipat News: हैंडबॉल में चमक रही अहर गांव की काजल
संवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। अहर गांव की बेटी काजल हैंडबॉल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर वह लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। कम उम्र में ही काजल ने हैंडबॉल में कई उपलब्धियां हासिल कर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।काजल अब तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में आठ स्वर्ण और दो रजत पदक जीत चुकी हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने दो स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए हैं। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक कांस्य और तीन रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।हाल ही में नवंबर माह में गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा ओलंपिक खेलों में काजल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके गांव, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।काजल ने बताया कि उनका सपना भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश का नाम रोशन करना है। वह चाहती हैं कि गांव की अन्य बेटियां भी खेलों में आगे बढ़ें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उनका मानना है कि मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को दिया। काजल के पिता सतीश खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि उनकी मां रानी देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और उनके सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया।काजल वर्तमान में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) से बीपीएड की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से अभ्यास भी करती हैं।उनकी कोच शीतल ने बताया कि काजल एक मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। वह हर चुनौती को सकारात्मक रूप से स्वीकार करती हैं और लगातार अपने खेल में सुधार करने का प्रयास करती हैं। यही जज्बा उन्हें भविष्य में और बड़ी सफलताएं दिलाएगा।
#KajalFromAharVillageShiningInHandball #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 02:46 IST
Panipat News: हैंडबॉल में चमक रही अहर गांव की काजल #KajalFromAharVillageShiningInHandball #VaranasiLiveNews
