खेत की बाड़ में दौड़ रहा था मौत का करंट: चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत, 15 दिन में करंट से तीसरी जान गई
फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए खेत की बाड़ में छोड़ा गया अवैध बिजली का करंट एक और जान ले गया। पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामभीषण (निवासी मंझोली) के रूप में हुई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत मालिक ने फसलों की सुरक्षा के लिए खेत की घेराबंदी में बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। गुरुवार रात रामभीषण किसी काम से खेत की ओर गया। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाड़ में करंट दौड़ रहा है। खेत में प्रवेश करते ही वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह खेत मालिक के खेत पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई, फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में जांच शुरू कर दी गई है और खेत मालिक से पूछताछ की जा रही है।कबीरधाम जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर करंट से मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले लोहारा थाना क्षेत्र के बीरनपुर गांव में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से किसान गोकरण पटेल और उनके पुत्र परमेश्वर पटेल की मौत हो गई थी। वहीं कुकदूर थाना क्षेत्र में अर्थिंग तार की चपेट में आने से एक बच्चे की जान चली गई थी। ग्रामीणों में डर, सख्त कार्रवाई की मांग लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करने वालों और बिजली संबंधी लापरवाही पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
#CityStates #Kabirdham #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 18:21 IST
खेत की बाड़ में दौड़ रहा था मौत का करंट: चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत, 15 दिन में करंट से तीसरी जान गई #CityStates #Kabirdham #VaranasiLiveNews
