राजस्थान: जूनियर्स पर रौब झाड़ना पड़ा भारी, खुद को बॉस कहलवाने वाले 19 सीनियर छात्रों पर गिरी गाज
राजस्थान के जोधपुर स्थित डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एमबीबीएस के जूनियर विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न की शिकायत मिलने के बाद कॉलेज की एंटी-रैगिंग समिति की सिफारिश पर 19 सीनियर विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें से 14 विद्यार्थियों को एक महीने और पांच विद्यार्थियों को तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। जांच में विद्यार्थियों को रैगिंग और अनुशासनहीनता में शामिल पाया गया। जूनियर छात्रों ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से की थी शिकायत मामला एमबीबीएस-2026 बैच के जूनियर विद्यार्थियों की शिकायत के बाद सामने आया। जूनियर छात्रों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) को ईमेल भेजकर सीनियर विद्यार्थियों पर रैगिंग और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। शिकायत के मुताबिक, सीनियर छात्र परिचय कराने के नाम पर जूनियर विद्यार्थियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन पर खुद को 'बॉस' कहलवाने का अनुचित दबाव भी बनाया जा रहा था। जूनियर विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत में चार से पांच सीनियर छात्रों के नाम भी बताए थे। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने शुक्रवार शाम ही शिकायत की जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भेज दी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। एंटी-रैगिंग समिति ने मोबाइल फोन की भी जांच की शिकायत मिलने के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन ने एंटी-रैगिंग समिति की आपात बैठक बुलाई। इसमें शिकायत में नामित सीनियर विद्यार्थियों को तलब किया गया। समिति के सदस्यों ने आरोपित विद्यार्थियों का पक्ष सुना और मामले की जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन भी खंगाले। जांच पूरी होने के बाद समिति ने जूनियर विद्यार्थियों के आरोपों को सही पाया। साथ ही संबंधित सीनियर छात्रों के व्यवहार को गंभीर अनुशासनहीनता माना। इसके बाद समिति ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कॉलेज प्रशासन को सौंपी और सख्त कार्रवाई की सिफारिश की। 14 छात्र एक महीने और पांच तीन महीने के लिए निलंबित एंटी-रैगिंग समिति की सिफारिश पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा ने निलंबन का आदेश जारी किया। इसके तहत 14 विद्यार्थियों को एक महीने के लिए अकादमिक गतिविधियों, क्लिनिकल पोस्टिंग और शिक्षण कार्यक्रमों से बाहर कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में इन विद्यार्थियों के छात्रावास, पुस्तकालय और वाचनालय की सुविधाओं के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं, मामले में अधिक संलिप्तता पाए जाने पर पांच अन्य विद्यार्थियों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा ने स्पष्ट किया कि कॉलेज में अनुशासनहीनता और रैगिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
#CityStates #Jodhpur #Rajasthan #RajasthanNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 08:52 IST
राजस्थान: जूनियर्स पर रौब झाड़ना पड़ा भारी, खुद को बॉस कहलवाने वाले 19 सीनियर छात्रों पर गिरी गाज #CityStates #Jodhpur #Rajasthan #RajasthanNews #VaranasiLiveNews
