Rajasthan News: जालौर में निजी विद्यालय की दीवार गिरी, खेल रही मासूम बच्ची की मौके पर मौत

राजस्थान के जालौर जिले के सायला में एक निजी विद्यालय में दीवार गिरने से छह वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे मरुधर शिक्षण संस्थान में हुआ, जो बावात्रा गांव में सायला थाना क्षेत्र में स्थित है। मृत छात्रा प्रीति कुमारी (6) कक्षा 2 की छात्रा थी। राजस्थान में इस वर्ष स्कूल भवनों के ढहने से बच्चों की मौत की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 26 जुलाई को झालावाड़ में एक सरकारी स्कूल की इमारत का हिस्सा सुबह की प्रार्थना सभा से कुछ मिनट पहले गिर गया था, जिसमें सात बच्चों की मौत हो गई थी और 27 अन्य घायल हुए थे। वहीं, 28 जुलाई को जैसलमेर में एक सरकारी स्कूल का मुख्य प्रवेश द्वार गिरने से सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी, जबकि एक शिक्षक और एक अन्य छात्र घायल हो गए थे। जानकारी के अनुसार, संबंधित स्कूल ने खुले मैदान में अस्थायी कक्षाएं बनाई हुई थीं। लगभग 5 से 7 फीट ऊंची सीमेंट-ईंट की दीवारें खड़ी की गई थीं, जिनके ऊपर बांस के खंभे रखकर तिरपाल से ढककर 10x10 से 10x15 फीट के अस्थायी कमरे बनाए गए थे। जिस दीवार के गिरने से हादसा हुआ, वह करीब 8 फीट ऊंची बताई जा रही है और उसे बांस के खंभों का सहारा दिया गया था। घटना के समय प्रीति, जो आसाणा गांव निवासी किसान भंवरलाल मेघवाल की पुत्री थी, अन्य बच्चों के साथ स्कूल परिसर में खेल रही थी। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह ईंटों के मलबे में दब गई। पढ़ें-Rajasthan:'सनातन संस्कृति अडिग और अजेय है', राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का भीलवाड़ा में सांस्कृतिक चेतना का संदेश जालौर के जिला कलेक्टर प्रदीप गावंडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक निजी स्कूल में नई निर्मित दीवार गिरने से छह वर्षीय बच्ची की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक परिजन और समुदाय के लोग मौके पर धरने पर बैठे थे और विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने स्कूल भवन की संरचनात्मक स्थिति की जांच शुरू कर दी है। यह विद्यालय कक्षा 12 तक शिक्षा प्रदान करता है और इसमें लगभग 350 छात्र नामांकित हैं। स्कूल की स्थापना करीब पांच से छह वर्ष पहले कपूरगिरी और दिनेश गिरी द्वारा जमीन खरीदकर की गई थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

#CityStates #Jalore #Rajasthan #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 20, 2026, 15:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rajasthan News: जालौर में निजी विद्यालय की दीवार गिरी, खेल रही मासूम बच्ची की मौके पर मौत #CityStates #Jalore #Rajasthan #VaranasiLiveNews