IND-AUS Meet: 'रणनीतिक रूप से मजबूत हुए दोनों देशों के संबंध', भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा वार्ता में बोले राजनाथ
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा व सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नई दिल्ली में दूसरी भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रिस्तरीय वार्ता आयोजित हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने की। बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध पहले कभी इतने रणनीतिक रूप से एकजुट नहीं रहे। उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा और सुरक्षा सहयोग को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा संबंधों में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय मजबूती आई है। उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग, संयुक्त अभ्यासों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझा रणनीतिक हितों पर जोर दिया। वार्ता का मुख्य फोकस कहां होगा बैठक में दोनों नेता द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर चर्चा की। वार्ता का मुख्य फोकस रक्षा व सुरक्षा साझेदारी को मजबूत बनाने, सैन्य बलों के बीच इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने, रक्षा उद्योग सहयोग को विस्तार देने व सह-विकास और सह-उत्पादन के अवसरों को आगे बढ़ाने पर रहा। इसके अलावा, दोनों पक्ष हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। भारत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह बैठक दोनों देशों के बीच रणनीतिक विश्वास और सहयोग को और मजबूत करेगी व क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऑस्ट्रेलिया भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रिचर्ड मार्ल्स की यह यात्रा अक्तूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पहली रक्षा मंत्रिस्तरीय वार्ता के बाद हुई है, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती गति को दर्शाती है। भारत के मुक्त, खुले, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण में ऑस्ट्रेलिया एक महत्वपूर्ण साझेदार है। ऑस्टेलियाई रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्रालय ने भी इस यात्रा को दोनों देशों के रक्षा संबंधों में अभूतपूर्व प्रगति का प्रतीक बताया है। यात्रा से पहले जारी बयान में रिचर्ड मार्ल्स ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्तर के सुरक्षा साझेदार हैं और वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक में रक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने को लेकर आशान्वित हैं।
#IndiaNews #National #IndiaAustralia #DefenceMinister #Cooperation #RajnathSingh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 08:16 IST
IND-AUS Meet: 'रणनीतिक रूप से मजबूत हुए दोनों देशों के संबंध', भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा वार्ता में बोले राजनाथ #IndiaNews #National #IndiaAustralia #DefenceMinister #Cooperation #RajnathSingh #VaranasiLiveNews
