Bilaspur News: स्वारघाट में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का भंडाफोड़
चार तस्कर गिरफ्तार, देर रात वन विभाग ने जंगल में की कार्रवाई आरोपियों के खिलाफ स्वारघाट थाने में मामला दर्ज संवाद न्यूज एजेंसीबिलासपुर। स्वारघाट वन परिक्षेत्र के जकातखाना बीट के जंगलों में खैर के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग और स्वारघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार वन रक्षक राहुल कुमार और वन कर्मी राजेश कुमार रात्रि गश्त के दौरान जकातखाना से बनेर की ओर जा रहे थे। देर रात करीब डेढ़ बजे नटनीघाट के पास सड़क किनारे एक पिकअप संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। वाहन के पास खैर के दो लट्ठे पड़े देख टीम को शक हुआ। जंगल की ओर तलाशी लेने पर एक युवक पेड़ के पीछे छिपा मिला, जबकि अन्य साथियों के भागने की आवाजें सुनाई दीं। मौके से पकड़े गए युवक की पहचान मनीष कुमार (35) निवासी लखनपुर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर भागे तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार (39) निवासी पट्टा, परमजीत ठाकुर (35) निवासी जब्बल और जसपाल (38) निवासी तुन्नू शामिल हैं। वन विभाग ने मौके से पिकअप वाहन, खैर के पांच लट्ठे और एक लोहे का आरा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर लिया गया है। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर रात्रि गश्त बढ़ाई गई थी। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
#IllegalFellingOfKhairTreesExposedInSwarghat #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 17:18 IST
Bilaspur News: स्वारघाट में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का भंडाफोड़ #IllegalFellingOfKhairTreesExposedInSwarghat #VaranasiLiveNews
