यूपी में तीन की माैत: डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलटी कार, दंपती समेत मासूम की गई जान; गांव में पसरा मातम
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। अरांव थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पति, गर्भवती पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की मौत हो गई। कार में सवार महिला की बहन गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी वरुण उर्फ शिवम यादव (28), रचना (26) और आर्यन (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है। मैनपुरी के यदुवंश नगर, भावंत चौराहा निवासी (मूल निवासी बघिरुआ, एलाऊ मैनपुरी) वरुण उर्फ शिवम यादव शुक्रवार को गर्भवती पत्नी रचना और बेटे आर्यन के साथ फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गांव नगला मेघ आए थे। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनका पूरा परिवार रचना की बहन मोना (20) के साथ कार से मैनपुरी लौट रहा था। अरांव थाना क्षेत्र में निन्नूराम कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची अरांव थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल, फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रचना और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वरुण को परिजन निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घायल मोना का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
#CityStates #Firozabad #UpRoadAccident #FirozabadRoadAccident #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 06:20 IST
यूपी में तीन की माैत: डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलटी कार, दंपती समेत मासूम की गई जान; गांव में पसरा मातम #CityStates #Firozabad #UpRoadAccident #FirozabadRoadAccident #VaranasiLiveNews
