Agra News: क्रिकेटर कल्पना लोधी के लिए जुड़ने लगे मदद के हाथ

आगरा। आर्थिक संकट के चलते सर्जरी टलने से परेशान आगरा की युवा क्रिकेटर कल्पना लोधी के लिए अब समाज के कई लोग मदद का हाथ बढ़ा रहे हैं। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये सहयोग देने का अभियान शुरू किया है। शमसाबाद क्षेत्र के गांव श्यामो की रहने वाली कल्पना लोधी इस समय जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रही हैं। कुछ दिन पहले तक जिस खिलाड़ी को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व एनसीए) से विशेष प्रशिक्षण के लिए बुलावा मिला था, आज वही खिलाड़ी आर्थिक तंगी के कारण अपनी जरूरी सर्जरी नहीं करा पा रही है। बृहस्पतिवार को दिल्ली में तय ऑपरेशन धनराशि का पूरा इंतजाम न हो पाने की वजह से टालना पड़ा था। अमर उजाला में शनिवार के अंक में कल्पना की संघर्ष भरी कहानी प्रकाशित होने के बाद समाज के लोग मदद के लिए आगे आने लगे हैं। कई सामाजिक संगठनों और समाज से जुड़े लोगों ने वीडियो जारी कर आर्थिक सहयोग की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी लोग कल्पना के इलाज और क्रिकेट कॅरिअर को बचाने के लिए समर्थन दे रहे हैं। कल्पना बेहद साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कल्पना ने क्रिकेट के अपने सपने को कभी कमजोर नहीं होने दिया। वह वर्षों तक साइकिल चलाकर पीके क्रिकेट अकादमी पहुंचीं और मेहनत के दम पर उत्तर प्रदेश अंडर-15 टीम में जगह बनाई। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि कल्पना को तेज गेंदबाजी और अनुशासन की वजह से बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से बुलावा मिला था। लेकिन वहां जाने से पहले ही अभ्यास के दौरान फील्डिंग करते समय उनके पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद यूपीसीए ने कानपुर में उनका मेडिकल कराया जहां डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें अनफिट घोषित कर सर्जरी की सलाह दी है।

#HelpingHandsStartedComingForCricketerKalpanaLodhi #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 17, 2026, 02:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Agra News: क्रिकेटर कल्पना लोधी के लिए जुड़ने लगे मदद के हाथ #HelpingHandsStartedComingForCricketerKalpanaLodhi #VaranasiLiveNews