Una News: झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, मक्का और सब्जी को मिली संजीवनी
ऊना। जिले में हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर फिर से रौनक लौटा दी है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी और सूखे जैसे हालात के कारण चिंतित किसानों को बारिश से बड़ी राहत मिली है। कृषि विशेषज्ञों और किसानों का कहना है कि यह वर्षा मक्का और हरी सब्जियों की खेती के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे फसलों की वृद्धि दर में तेजी आने की उम्मीद है।जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को हुई बारिश के बाद खेतों में नमी का स्तर बेहतर हुआ है। किसानों का कहना है कि लंबे समय से वर्षा नहीं होने के कारण मक्का की बुवाई और सब्जियों की फसल प्रभावित होने लगी थी। अब बारिश के चलते पौधों को प्राकृतिक रूप से पर्याप्त पानी मिल गया है, जिससे उनकी वृद्धि बेहतर होगी। विशेषकर भिंडी, लौकी, तोरी, करेला और अन्य मौसमी सब्जियों की फसलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।किसानों में अरविंद सैनी, अशोक कुमार, राजेश स्याल, आकाश राणा, अजयपाल के अनुसार बारिश के बाद खेतों में खाद और कीटनाशकों का छिड़काव भी बढ़ेगा। पर्याप्त नमी मिलने से खाद का प्रभाव बेहतर होगा और पौधों को आवश्यक पोषक तत्व आसानी से मिल सकेंगे। वहीं, फसलों को रोगों और कीटों से बचाने के लिए किसान अब कीटनाशकों के छिड़काव की तैयारी में जुट गए हैं। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ सीजन की फसलों के लिए शुभ संकेत है। उपनिदेशक जिला कृषि विभाग डॉ. प्रेम ठाकुर ने बताया कि बारिश ने खेतों में नई जान डाल दी है। मक्का और सब्जियों की फसल को पर्याप्त नमी मिलने से पौधों की बढ़ोतरी तेज होगी। साथ ही अब खाद और कीटनाशकों का उपयोग भी प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा, जिससे फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार आने की संभावना है।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 18:56 IST
Una News: झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, मक्का और सब्जी को मिली संजीवनी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
