Hapur News: एजेंसियों पर गैस की किल्लत, बाजारों में कॉमर्शियल की जगह प्रयोग हो रहा घरेलू सिलिंडर
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर/पिलखुवा। जिले की कई गैस एजेंसियों पर सिलिंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं। घरेलू की उपलब्धता में फिर भी थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति दो से तीन दिन में हो रही है। इसी कारण से बाजारों में खुलेआम कॉमर्शियल की जगह घरेलू सिलिंडर का प्रयोग अधिक हो रहा है।हापुड़ की बात करें तो एजेंसियों पर घरेलू गैस की किल्लत है और लोगों को सिलिंडर की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। बुकिंग के बाद तीन से चार दिन में डिलीवरी हो रही है। हालांकि यहां एजेंसियों पर भीड़ पहले से कुछ कम है। लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर की डिलीवरी कंपनियों से एजेंसियों को दो-तीन दिन में हो रही है। बता दें कि वर्तमान में प्रति 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल सिलिंडर करीब तीन हजार रुपये में मिल रहा है। इसके चलते कॉमर्शियल सिलिंडर का प्रयोग करने वाले भी बचते दिख रहे हैं। वह कालाबाजारी करने वालों से 500-700 रुपये अतिरिक्त देकर घरेलू गैस सिलिंडर खरीद रहे हैं। 14 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलिंडर करीब 950 रुपये में एजेंसी से मिल रहा है। इस कारण वर्तमान में शहर के लगभग हर ठेले और 50 प्रतिशत दुकानों तक पर घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग हो रहा है, जबकि जो मिष्ठान भंडार कॉमर्शियल सिलिंडर का प्रयोग कर रहे हैं, उन्होंने मिठाई के दाम पांच प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। ऐसे में चाय आदि का खोमचा लगाने वाले घरेलू सिलिंडर ही वैंडरों से कुछ अधिक दामों में खरीद रहे हैं। हालांकि बड़े रेस्टोरेंटों पर फिलहाल कॉमर्शियल सिलिंडरों का ही प्रयोग हो रहा है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है।गढ़-सिंभावली में गैस एजेंसियों पर एलपीजी के लिए मारामारी क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत बढ़ती जा रही है। गढ़ क्षेत्र के गांव दौताई स्थित एचपी गैस एजेंसी और सिंभावली की इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां मौजूद राजपाल और जगदीश का आरोप है कि कई-कई दिनों तक गैस सप्लाई न आने की बात कहकर उपभोक्ताओं को टाल दिया जाता है। महिला राजो देवी, सुमन ने बताया कि घर पर गैस सिलिंडर खत्म हो चुके हैं और समय पर रिफिल न मिलने के कारण अब मजबूरी में चूल्हों पर खाना बनाना पड़ रहा है। अभद्रता के बाद वितरण पर पुलिस का पहरा पिलखुवा में भारत गैस एजेंसी की सप्लाई व्यवस्था विवादों और अव्यवस्था के बीच घिर गई है। डिलीवरी मैन के साथ अभद्रता, धक्का मुक्की और पत्थरबाजी की घटना के बाद अब पुलिस सुरक्षा में गैस वितरण चल रहा है। उधर लोगों का कहना है कि बिना ओटीपी आए ही गैस सिलिंडर डिलीवरी दिखाने के संदेश मोबाइल पर पहुंच रहे हैं। ---तीन बार चक्कर लगाने पर भी नहीं मिला सिलिंडर गढ़ रोड स्थित गैस एजेंसी पर कनेक्शन है। एक सप्ताह पहले गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला है। तीन बार एजेंसी पर चक्कर लगाए हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला है।- नफीस, उपभोक्ताशिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआकोठी गेट स्थित गैस एजेंसी पर कनेक्शन है। करीब आठ दिन पहले बुकिंग कराई थी। इसके बाद भी सिलिंडर नहीं मिला है। शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ है।- शाहनवाज, उपभोक्ताकोटजिले में सामान्य रूप से गैस सिलिंडर मिल रहा है। कुछ जगहों पर कॉमर्शियल सिलिंडर की डिलीवरी कंपनी स्तर से ही दो से तीन दिन में होने से परेशानी है, लेकिन लोगों को सिलिंडर मिल रहे हैं। घरेलू के स्थान पर कॉमर्शियल सिलिंडर का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।- डॉ सीमा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी
#HapurNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 22:46 IST
Hapur News: एजेंसियों पर गैस की किल्लत, बाजारों में कॉमर्शियल की जगह प्रयोग हो रहा घरेलू सिलिंडर #HapurNews #VaranasiLiveNews
