घर की दहलीज से गंगा किनारे तक: पांच किमी चलकर एयर शो देखने पहुंची 16 मुस्लिम महिलाएं, बोलीं- विमान देखना है
घर की चारदीवारी और रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच जिंदगी गुजर जाती है। बड़े शहरों में होने वाले आयोजन और आसमान में उड़ते लड़ाकू विमानों को देखने का मौका मिलेगा, ऐसा कभी सोचा भी नहीं था। लेकिन शनिवार को दुलहीपुर की 16 मुस्लिम महिलाओं ने इस सोच को पीछे छोड़ दिया। एयर शो देखने की चाह उन्हें घर से पांच किलोमीटर दूर गंगा किनारे बहादुरपुर घाट तक खींच लाई। सुबह सात बजे घर से निकलीं और साढ़े आठ बजे घाट पहुंच गईं। डेढ़ घंटे में रास्ते की दूरी और पैदल चलने की थकान पर उत्साह भारी रहा। आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनने और उनकी एक झलक पाने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दी। महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से बनारस में एयर शो का आयोजन हुआ, तभी उन्हें पहली बार इतने करीब से लड़ाकू विमान देखने का अवसर मिला। उनका कहना था कि अगर यह आयोजन यहां नहीं होता तो शायद जिंदगी गुजर जाती और वे ऐसे विमानों को सामने से उड़ते कभी नहीं देख पातीं। उनके लिए यह केवल एक हवाई प्रदर्शन नहीं, बल्कि घर से बाहर निकलकर एक ऐसा अनुभव हासिल करने का मौका था, जिसकी उन्होंने पहले कल्पना भी नहीं की थी।
#CityStates #Chandauli #Varanasi #VaranasiAirShow #MuslimWomen #FiveKilometresWalk #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 21:43 IST
घर की दहलीज से गंगा किनारे तक: पांच किमी चलकर एयर शो देखने पहुंची 16 मुस्लिम महिलाएं, बोलीं- विमान देखना है #CityStates #Chandauli #Varanasi #VaranasiAirShow #MuslimWomen #FiveKilometresWalk #VaranasiLiveNews
