फ्रेंच ओपन में विवाद: महिला अंपायर पर टिप्पणी के बाद एडोल्फो वैलेजो पर कार्रवाई, लगा 65 हजार डॉलर का जुर्माना
फ्रेंच ओपन 2026 के दौरान पराग्वे के टेनिस खिलाड़ी एडोल्फो डेनियल वैलेजो अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं। महिला चेयर अंपायर पर कथित लैंगिक टिप्पणी करने के बाद टूर्नामेंट आयोजकों ने उन पर 65 हजार डॉलर का भारी जुर्माना लगाया है। वैलेजो ने क्या कहा विश्व रैंकिंग में 71वें स्थान पर काबिज 22 वर्षीय वैलेजो को रोलैंड गैरोस के दूसरे दौर में फ्रांस के युवा खिलाड़ी मोइस कौमे के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले के बाद उन्होंने ब्राजील की चेयर अंपायर एना कारवाल्हो की आलोचना करते हुए कहा कि घरेलू दर्शकों के दबाव वाले माहौल को संभालना उनके लिए मुश्किल साबित हुआ। मैच के बाद वैलेजो ने कहा था, 'इस तरह के मुकाबले का संचालन किसी पुरुष अंपायर को करना चाहिए था। महिला अंपायर के लिए ऐसे माहौल को नियंत्रित करना काफी कठिन होता है।' उनकी इस टिप्पणी पर फ्रेंच ओपन आयोजकों ने कड़ी आपत्ति जताई। टूर्नामेंट प्रबंधन ने इसे अस्वीकार्य करार देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लैंगिक भेदभावपूर्ण टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रैंड स्लैम इतिहास का सबसे बड़ा जुर्माना लगा फ्रेंच ओपन की टूर्नामेंट डायरेक्टर एमेली मौरेस्मो ने बताया कि वैलेजो पर लगाया गया जुर्माना ग्रैंड स्लैम इतिहास के सबसे बड़े आर्थिक दंडों में से एक है। उन्होंने कहा, 'यह उनकी पुरस्कार राशि का लगभग आधा हिस्सा है। हम इस तरह की भाषा और व्यवहार को स्वीकार नहीं करते। कोर्ट पर ऐसे शब्दों के लिए कोई जगह नहीं है।' विवाद बढ़ने पर मांगी माफी विवाद बढ़ने के बाद वैलेजो ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इंस्टाग्राम पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा, 'मैं अंपायरों और उनके काम का सम्मान करता हूं। पांच घंटे तक चले मुकाबले के बाद मैं भावनाओं में बह गया था। मेरी टिप्पणी से यदि किसी को ठेस पहुंची है तो मैं उसके लिए माफी मांगता हूं।' फ्रेंच ओपन में पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 1.51 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिलती है। ऐसे में 65 हजार डॉलर का जुर्माना उनकी कुल कमाई का लगभग आधा है। ग्रैंड स्लैम नियमों के अनुसार खेल भावना के विपरीत आचरण या अनुचित व्यवहार के मामलों में खिलाड़ियों पर अधिकतम 1 लाख डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वैलेजो का फ्रेंच ओपन अभियान दूसरे दौर में ही समाप्त हो गया, लेकिन उनकी टिप्पणी ने टूर्नामेंट में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
#Sports #National #FrenchOpen #AdolfoVallejo #FrenchOpenControversy #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 22:16 IST
फ्रेंच ओपन में विवाद: महिला अंपायर पर टिप्पणी के बाद एडोल्फो वैलेजो पर कार्रवाई, लगा 65 हजार डॉलर का जुर्माना #Sports #National #FrenchOpen #AdolfoVallejo #FrenchOpenControversy #VaranasiLiveNews
