मंडला: बालाघाट के गढ़ी वन क्षेत्र में पहुंचा 4 हाथियों का दल, कई गांवों में फसलें रौंदीं, अलर्ट पर वन विभाग

जिले में पिछले कई दिनों से विचरण कर रहे चार जंगली हाथियों का दल अब बालाघाट जिले के गढ़ी वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है। मंडला जिले के मवई और मोतिनाला क्षेत्र में तीन दिनों तक विचरण के दौरान हाथियों ने परसेल, बदबार और सूरजपुरा सहित आसपास के कई गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। शुक्रवार देर रात हाथियों के दल ने मंडला जिले की सीमा पार कर बालाघाट जिले के गढ़ी वन परिक्षेत्र में प्रवेश किया। जानकारी के अनुसार चार हाथियों का यह दल 23 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर कान्हा टाइगर रिजर्व के फेन अभयारण्य पहुंचा था। इसके बाद हाथियों ने पूर्व सामान्य वनमंडल के मवई और मोतिनाला वन परिक्षेत्र में विचरण किया। इस दौरान खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग का मैदानी अमला लगातार निगरानी में जुटा रहा। मोतिनाला रेंजर अभय पांडे के मुताबिक, गुरुवार को हाथियों का दल मोतिनाला बीट के कक्ष क्रमांक 1420 में मौजूद था। शुक्रवार देर रात हाथियों ने मंडला जिले की सीमा पार कर बालाघाट के गढ़ी वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर लिया। फिलहाल मवई और मोतिनाला क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी नहीं है। कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर परिक्षेत्र के सहायक संचालक आशीष पांडे ने बताया कि हाथियों के दल में वयस्क और अवयस्क दोनों शामिल हैं। गढ़ी बफर क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में राजस्व, पुलिस, विद्युत और कृषि विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ये भी पढ़ें:जबलपुर: बिजली सब स्टेशन में आउटसोर्स कर्मचारी की हत्या, धारदार हथियार से हमला, बंडा विधायक का साला था मृतक उन्होंने बताया कि हाथियों के कारण कुछ वन विभाग के कैंपों और ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों को राजस्व विभाग के समन्वय से जल्द मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाकर ऐसी परिस्थितियों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनसे हाथियों को बिजली से नुकसान पहुंचने की आशंका हो। वन विभाग की ग्रामीणों से अपील वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों का दल दिखाई देने पर उनके नजदीक न जाएं और न ही उन्हें परेशान या उत्तेजित करने का प्रयास करें। हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनकी लोकेशन की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें। किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता हाथियों के सुरक्षित विचरण के साथ ग्रामीणों की जान-माल और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को उम्मीद है कि लगातार निगरानी और विभागीय समन्वय के चलते हाथियों का यह दल भी सुरक्षित तरीके से अपने अगले पड़ाव की ओर निकल जाएगा।

#CityStates #MadhyaPradesh #Mandla #WildElephants #HerdOfElephants #BalaghatGarhiForestRange #MawaiForestRange #MotinalaForestRange #KanhaTigerReserve #PhenSanctuary #DamageToCropsByElephants #ParselVillage #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 28, 2026, 23:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मंडला: बालाघाट के गढ़ी वन क्षेत्र में पहुंचा 4 हाथियों का दल, कई गांवों में फसलें रौंदीं, अलर्ट पर वन विभाग #CityStates #MadhyaPradesh #Mandla #WildElephants #HerdOfElephants #BalaghatGarhiForestRange #MawaiForestRange #MotinalaForestRange #KanhaTigerReserve #PhenSanctuary #DamageToCropsByElephants #ParselVillage #VaranasiLiveNews