Bemetara: लावारिश कुत्ते को भगाने पर हुआ विवाद, चार लोगों ने ग्रामीण को पीटा; इलाज के दौरान मौत,आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा जिले के एक गांव में एक लावारिश कुत्ते को भगाने की बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि विवाद हिंसक हो गया। साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में पुरानी रंजिश के बीच चार लोगों ने एक ग्रामीण पर डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना 6 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ग्राम बोरतरा निवासी ललिता प्रजापति अपने पति ओमप्रकाश प्रजापति के साथ खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक लावारिश कुत्ता उनके पीछे आने लगा। ओमप्रकाश ने कुत्ते को भगाते हुए गाली दी। पास में मौजूद शिवकुमार श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास, दीपक श्रीवास और रोशन श्रीवास ने ओमप्रकाश की बात को अपने लिए अपशब्द समझ लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद चारों आरोपियों ने एकजुट होकर ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए आसपास पड़े डंडे और पत्थरों से उस पर हमला किया। हमले में ओमप्रकाश के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। पति को बचाने पहुंची ललिता के पैर में भी चोट लग गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को पहले साजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा और साजा थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद और आपसी रंजिश होने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और पत्थरों सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में शिवकुमार श्रीवास (55), रोशन श्रीवास (27), दीपक श्रीवास (25) और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास (23), सभी निवासी बोरतरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

#CityStates #Crime #Bemetara #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 07, 2026, 20:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bemetara: लावारिश कुत्ते को भगाने पर हुआ विवाद, चार लोगों ने ग्रामीण को पीटा; इलाज के दौरान मौत,आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Crime #Bemetara #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews