साहस, सुरक्षा और सवाल: फ्लाईदुबई मामले से कितने सबक, किन जवाबों को ढूंढना विमानन क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती?
दुबई से तेल अवीव (इस्राइल) जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, वह वाकई बेमिसाल है, लेकिन इस घटना ने विमानन क्षेत्र को अपनी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीरतापूर्वक पुनर्विचार करने के लिए भी मजबूर कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इस उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने भारतीय पायलट पर हमला कर दिया। कैप्टन स्मित ने घायल होने के बावजूद कॉकपिट खोल दिया, जिससे इस्राइली यात्रियों को वहां आकर ओमानी को-पायलट को काबू में करने का मौका मिला और विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग हो सकी। यह घटना इसलिए ज्यादा गंभीर है, क्योंकि जिस व्यक्ति पर विमान को सुरक्षित उड़ाने की जिम्मेदारी थी, उसके ही व्यवहार ने विमान व उसमें सवार यात्रियों के लिए खतरा पैदा कर दिया। यहीं से विमानन सुरक्षा के सामने एक नया सवाल पैदा होता है। अब तक सुरक्षा का बड़ा हिस्सा बाहरी खतरे को रोकने पर केंद्रित रहा है। 9/11 के बाद कॉकपिट के दरवाजे मजबूत किए गए, यात्रियों की स्क्रीनिंग कड़ी हुई, सामान की जांच के तरीके बेहतर हुए और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ी। लेकिन, फ्लाईदुबई की घटना बताती है कि सुरक्षा की अगली चुनौती विमान के भीतर मौजूद ऐसे संभावित खतरों की पहचान के रूप में हो सकती है। पायलटों की मानसिक सेहत की लगातार जांच करने के लिए बेहतर सिस्टम की जरूरत है, लेकिन इसे कैसे किया जाए, यह एक चुनौती है। समस्या यह है कि मानसिक स्वास्थ्य की कोई एक जांच यह भविष्यवाणी नहीं कर सकती कि कोई व्यक्ति भविष्य में हिंसक व्यवहार करेगा या नहीं। ऐसे में, ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिसमें किसी पायलट के व्यवहार में असामान्य और गंभीर बदलाव दिखाई देने पर समय रहते उसे पहचानने और सहायता देने का सुरक्षित तंत्र हो। तेजी से बढ़ते भारतीय विमानन क्षेत्र के संदर्भ में भी इस घटना का महत्वपूर्ण सबक यह है कि सुरक्षा को केवल एयरपोर्ट की तलाशी और प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच तक सीमित नहीं किया जा सकता। फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान जो हुआ, उसके पीछे किसी पूर्व योजना या आतंकवादी मंशाओं से जुड़े दावों की पड़ताल हो रही है, ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, फिर भी इस पूरी घटना ने एक असहज सच्चाई तो सामने लाई ही है। खतरनाक पायलटों की पहचान उनके उड़ान भरने से पहले कैसे की जा सकती है कॉकपिट के भीतर के खतरों को पहचानने का क्या तरीका हो सकता है ये कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब ढूंढना विमानन क्षेत्र के लिए चुनौती होगा।
#Opinion #International #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 03, 2026, 05:02 IST
साहस, सुरक्षा और सवाल: फ्लाईदुबई मामले से कितने सबक, किन जवाबों को ढूंढना विमानन क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती? #Opinion #International #VaranasiLiveNews
