गौरेला में पेट्रोल पंप मैनेजर का घोटाला: 40 लाख का गबन कर निजी फोन-पे में जमा की रकम, शिकायत के बाद गिरफ्तार
गौरेला थाना क्षेत्र के केंवची गांव में स्थित एचपी उर्मिला पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप मैनेजर पर लगभग 40 लाख रुपये के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। पंप संचालक प्रमोद सिंह परस्ते की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी मैनेजर लालजी पटेल को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पेंड्रा निवासी प्रमोद सिंह परस्ते गौरेला के केंवची गांव में एचपी उर्मिला पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक हैं। उन्होंने 5 दिसंबर 2024 से शुरू हुए पंप के संचालन के लिए पेंड्रा के अमरपुर गांव निवासी लालजी पटेल को मैनेजर रखा था। वर्ष 2025 के मध्य से बैंक और कंपनी अधिकारियों ने खातों में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। पूछताछ करने पर मैनेजर ने बिक्री कम होने और उधारी बढ़ने का बहाना बनाया। दिसंबर 2025 में पंप के नवीनीकरण के समय बैंक अधिकारियों ने खातों में बड़ी रकम के अंतर की जानकारी दी। जांच में पता चला कि मैनेजर लालजी पटेल ग्राहकों से उधारी की राशि अपने और अपनी पत्नी के निजी फोन-पे नंबरों में जमा करवा रहा था। कुछ ग्राहकों ने भी इसकी पुष्टि करते हुए रसीद और भुगतान की जानकारी दी। बैंक स्टेटमेंट और पंप के रजिस्टर के मिलान से निजी क्यूआर कोड में प्राप्त राशि का हिसाब न होने का खुलासा हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह लगभग 40 लाख रुपये की राशि का गबन किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर 15 जनवरी 2026 को आरोपी मैनेजर को काम से हटा दिया गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लालजी पटेल के बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच शुरू की है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने हर्बल लाइफ प्रोडक्ट में निवेश किया था। पुलिस ने आरोपी लालजी पटेल द्वारा खरीदी गई एक ईवी कार भी जब्त की है। दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद आरोप सिद्ध होने पर अन्य धाराएं जोड़कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
#CityStates #Gorella-pendra-marwahi #GaurelaPendraMarwahi #PetrolPump #CgNews #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 07:36 IST
गौरेला में पेट्रोल पंप मैनेजर का घोटाला: 40 लाख का गबन कर निजी फोन-पे में जमा की रकम, शिकायत के बाद गिरफ्तार #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #GaurelaPendraMarwahi #PetrolPump #CgNews #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews
