पकड़ी गई नकली लेडी इंस्पेक्टर: दिखाती थी वर्दी कौ रौब, निशाने पर थे ट्रक ड्राइवर, गुरदासपुर की रहने वाली

लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार देर रात उस समय जमकर हंगामा हुआ जब खाकी वर्दी का रौब दिखाकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर रही एक नकली महिला पुलिसकर्मी को ड्राइवरों ने ही रंगे हाथों दबोच लिया। उस पर शक होने पर उसकी घेराबंदी कर ली गई और तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला गुरदासपुर इलाके की रहने वाली है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला पंजाब पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर देर रात सड़कों पर उतरती थी और ट्रकों को रुकवाकर कागजात चेक करने के नाम पर ड्राइवरों पर दबाव बनाती थी। चेकिंग के बहाने वह चालकों से नकदी ऐंठ रही थी। शुरुआत में वर्दी देखकर ड्राइवर सहम गए, लेकिन महिला के संदिग्ध हाव-भाव और बातचीत के लहजे ने ड्राइवरों के मन में शक पैदा कर दिया। जब कुछ ड्राइवरों ने उससे पहचान पत्र मांगा और सख्ती से सवाल-जवाब किए, तो महिला घबरा गई। इसके बाद चालकों ने एकजुट होकर उसे घेर लिया और तुरंत पीसीआर टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि महिला के पास पुलिस की वर्दी कहां से आई और क्या वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है। मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा ने बताया कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस महिला के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

#Crime #Ludhiana #Chandigarh-punjab #LadyCop #Police #Inspector #Punjab #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 25, 2026, 17:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पकड़ी गई नकली लेडी इंस्पेक्टर: दिखाती थी वर्दी कौ रौब, निशाने पर थे ट्रक ड्राइवर, गुरदासपुर की रहने वाली #Crime #Ludhiana #Chandigarh-punjab #LadyCop #Police #Inspector #Punjab #VaranasiLiveNews