Yamuna Nagar News: मांगें न मानने पर आंदोलन और तेज करने की दी चेतावनी

यमुनानगर। दमकल विभाग और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। फायर कर्मी मांगों के समर्थन में आठ अप्रैल से हड़ताल पर हैं और यह आंदोलन अब 29वें दिन में पहुंच गया है। वहीं, नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले फायर कर्मियों के समर्थन में सफाई कर्मचारियों की एक मई से हड़ताल चल रही है, जो छठे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने मांगें न मानने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।फायर कर्मियों की प्रमुख मांगों में फरवरी माह में फरीदाबाद की एक स्टील फैक्ट्री में आग बुझाते समय शहीद हुए दो फायरमैन को शहीद का दर्जा देने, उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आश्रितों को पक्की नौकरी देने की मांगें शामिल हैं। इसके अलावा विभाग में कार्यरत पे-रोल और कौशल निगम के तहत लगे कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी उठाई जा रही है।नगर निगम और फायर कार्यालय के बाहर कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान संतोष कुमार और कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री से लेकर अधिकारियों तक का रवैया गैर-जिम्मेदाराना रहा है। कर्मचारी नेताओं ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नवंबर 2024 में शहरी सफाई कर्मचारियों का वेतन 27 हजार और ग्रामीण कर्मचारियों का 26 हजार रुपये करने की घोषणा की गई थी, जिसे अब तक लागू नहीं किया गया है। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारी संघ, सीटू और किसान सभा के नेताओं ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारी संगठनों ने यह भी मांग उठाई कि ठेका प्रथा समाप्त कर सभी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। ठेका प्रणाली से कर्मचारियों का शोषण हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। इस दौरान तेजिंद्र, प्रदीप, अनिल, विक्की वालिया, प्रिंस, पंकज शर्मा, विरेंद्र शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

#Employees'StrikeFromMay1 #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 03:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: मांगें न मानने पर आंदोलन और तेज करने की दी चेतावनी #Employees'StrikeFromMay1 #VaranasiLiveNews