कोरबा: नशे में धुत युवक ने बीच सड़क चालक को पीटा, SECL कर्मी के बेटे ने सड़क पर मचाया उत्पात
नशे में धुत एक युवक की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हैलीपेड हनुमान मंदिर के पास एक युवक ने बीच सड़क पर जमकर गुंडागर्दी की। उसने बोलेरो चालक को दौड़ा-दौड़ाकर हाथ-मुक्कों से पीटा। घटना के समय सड़क पर लंबा जाम लग गया और स्कूल की छुट्टी होने से बड़ी संख्या में बच्चे भी वहां मौजूद थे। पीड़ित बोलेरो चालक बुधवारी निवासी सोहेल अली ने बताया कि वह सीएसईबी पावर प्लांट में गाड़ी चलाता है। काम के सिलसिले में वह निहारिका की ओर जा रहा था। उसी दौरान एक काले रंग की ब्लैक फिल्म लगी नेक्सॉन कार सड़क पर धीमी चल रही थी। सोहेल ने गाड़ी आगे बढ़ाने के लिए हॉर्न दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नेक्सॉन चालक सुजल सोनवानी ने गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी और उतरकर सोहेल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने सोहेल को गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक सोहेल को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। घटना के समय स्कूलों की छुट्टी हुई थी। सड़क पर बच्चों और आम लोगों की भीड़ थी। युवक की दबंगई देखकर लोग डर गए। किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं की। लगभग 15 मिनट तक सड़क पर जाम लगा रहा। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है जानकारी के अनुसार मारपीट करने वाला युवक एसईसीएल कर्मी का बेटा है जिसका नाम सुजल सोनवानी बताया जा रहा है और सुभाष ब्लॉक में निवास करता है। शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि बोलेरो चालक सोहेल अली की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी युवक की शिकायत पर बोलेरो चालक के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लिए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है। चौकी प्रभारी ने कहा कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 19:31 IST
कोरबा: नशे में धुत युवक ने बीच सड़क चालक को पीटा, SECL कर्मी के बेटे ने सड़क पर मचाया उत्पात #CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews
