वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
-फोटो 84 : चालकों को नशा न करने की शपथ दिलाते अधिकारी। स्रोत पुलिससंवाद न्यूज एजेंसी बहादुरगढ़। आईडीटीआर बहादुरगढ़ में हैवी वाहन प्रशिक्षण लेने पहुंचे चालकों को यातायात नियमों और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देशन में किया गया। चालकों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस बहादुरगढ़ के निरीक्षक सतीश कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। निरीक्षक सतीश कुमार ने चालकों से वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, तेज आवाज में म्यूजिक न बजाने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। सड़क पर लगे यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन को निर्धारित लेन में चलाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने हैवी वाहन चालकों को विशेष सावधानियों के बारे में बताया कि भारी वाहनों को नियंत्रित गति में चलाना चाहिए, क्योंकि अधिक वजन होने के कारण वाहन को रोकने में अधिक समय लगता है। ओवरटेक करते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखना और जल्दबाजी से बचना जरूरी है। यात्रा शुरू करने से पहले वाहन के ब्रेक, टायर, लाइट और इंडिकेटर की जांच अवश्य करनी चाहिए। कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को प्रभावित करता है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है।
#DriversMadeAwareAboutRoadSafety #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 13, 2026, 15:07 IST
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक #DriversMadeAwareAboutRoadSafety #VaranasiLiveNews
