Noida News: जापानी कंपनी के दो कर्मचारियों पर डेटा चोरी करने का आरोप
जापानी कंपनी के दो कर्मचारियों पर डेटा चोरी करने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज - नौकरी के दौरान दूसरी कंपनी खड़ी करने और गोपनीय दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोपमाई सिटी रिपोर्टर नोएडा। सेक्टर-57 स्थित एक इंडो-जापानी कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारियों पर संस्थान की गोपनीय तकनीकी और व्यावसायिक जानकारी का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि दोनों ने नौकरी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, उत्पादों से जुड़ी तकनीकी जानकारी, डिजाइन और ग्राहकों-सप्लायरों का डेटा अपने पास रख लिया। इतना ही नहीं, एक कर्मचारी पर नौकरी के दौरान अपनी अलग कंपनी शुरू करने का भी आरोप है। कंपनी की अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-39 निवासी डॉ. शोभा धवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कंपनी की अधिकृत प्रतिनिधि हैं। कंपनी सेक्टर-57 में स्थित है और मैकेनिकल एवं मोशन कंट्रोल केबल तथा उनसे जुड़े उपकरणों के डिजाइन और निर्माण का काम करती है। शिकायत के मुताबिक, सेक्टर-49 के बरौला निवासी राजेंद्र चौहान और दिल्ली के ग्रेटर कैलाश निवासी रंजीत महापात्रा कंपनी में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। शिकायत में कहा गया है कि दोनों कर्मचारियों को नियुक्ति के समय गोपनीयता और कंपनी की जानकारी को सुरक्षित रखने संबंधी शर्तों से अवगत कराया गया था। आरोप है कि नौकरी के दौरान दोनों कर्मचारियों ने कंपनी की अनुमति के बिना कई महत्वपूर्ण जानकारियां कॉपी कर लीं। शिकायत के अनुसार, राजेंद्र चौहान ने कंपनी में नौकरी के दौरान ही वोल्टेरिक्स ऑटोमोटिव नाम से कारोबार शुरू कर लिया। आरोप है कि वह इस कंपनी में खुद को सीईओ बताता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दूसरी कंपनी के गठन और वहां संबंधित कर्मचारी के पद पर रहने से कंपनी के हितों को नुकसान पहुंचा तथा गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग की आशंका बढ़ी। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी व धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#Gfds #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 20:10 IST
Noida News: जापानी कंपनी के दो कर्मचारियों पर डेटा चोरी करने का आरोप #Gfds #VaranasiLiveNews
