देव दीपावली: 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट, विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी; भव्य तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रख इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी को परेशानी न हो। अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत कर बताया कि 24 नवंबर की शाम घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे और दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती होगी। चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी होगी। समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस साल गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसमें महिला स्वावलंबन के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार दीपक भी शामिल किए गए हैं। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था के लिए पूरे घाट क्षेत्र और रेतीले तट को सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
#CityStates #Varanasi #DevDeepawali2026 #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 12, 2026, 15:15 IST
देव दीपावली: 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट, विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी; भव्य तैयारी #CityStates #Varanasi #DevDeepawali2026 #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #VaranasiLiveNews
