Una News: कुटलैहड़ में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में किया प्रदर्शन
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा विक्कू ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को राहत देने की बजाय उन पर आर्थिक बोझ डाल रही है। केवल 15 दिन के भीतर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता बल्कि खाद्य पदार्थों, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ता है। जब भी पेट्रोल और डीजल महंगे होते हैं तो बाजार में हर वस्तु के दाम बढ़ जाते हैं और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ता है।उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश इस समय कई आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है। आम जनता पहले से ही बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना कर रही है। विवेक शर्मा और अन्य कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी।
#UnaNewsHpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 24, 2026, 23:03 IST
Una News: कुटलैहड़ में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में किया प्रदर्शन #UnaNewsHpNews #VaranasiLiveNews
