बेटियों का अपमान, 25 किलो की बोरी उठाकर दौड़ाया जा रहा : जय
साहो (चंबा)। भाजपा की कार्य समिति के सदस्य जय सिंह ने साहो क्षेत्र के शकला में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रदेश सरकार मातृ शक्ति सम्मान की बात करती है तो दूसरी तरफ उनके अपमान में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इस बात का सबूत हाल ही में पशु मित्र भर्ती के दौरान देखने को मिला है। जहां बहनों, बेटियों को 25 किलो की बोरियों को उठाकर दौड़ाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री ने अपनी बेटी को बिना किसी इंटरव्यू के सरकारी नौकरी लगवा दी, जबकि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की फौज खड़ी है। प्रदेश के सरकारी आंकड़े ही कह रहे हैं कि करीब छह लाख बेरोजगार प्रदेश में नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। उन लोगों को नौकरी देने के बजाय सरकार रिटायर कर्मचारियों को सेवा विस्तार दे रही है। उन्हाेंने कहा कि मार्च 2026 में करीब 1600 अध्यापक रिटायर हो रहे हैं, लेकिन उनके लिए पैसे का प्रावधान कहां से होगा सरकार के लिए ये पहेली बना हुआ है। मित्रों को खुश करने के लिए करोड़ों रुपये बर्बाद की जा रहे हैं। जिले की बात की जाए तो शगुन योजना के तहत दो साल से राशि जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल रही है। माता-बहनों से किए गए 1500 रुपये देने का वादा पूरा नहीं हो पा रहा है। तीन वर्षों से कोई भी नया स्कूल, पीएचसी सेंटर या कोई बड़ा कार्य नहीं किया गया है। सरकार ने मरेडी में चल रहे जल शक्ति विभाग का मंडल बंद कर दिया है।
#ChambaNewsHpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 19, 2026, 22:34 IST
बेटियों का अपमान, 25 किलो की बोरी उठाकर दौड़ाया जा रहा : जय #ChambaNewsHpNews #VaranasiLiveNews
