दिल्ली में खून: मुंह चिढ़ाने से नाराज था नाबालिग, डेयरी मालिक को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट; दोस्त थे साथ
चिढ़ाने से नाराज नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पालम गांव में एक डेयरी मालिक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त 25 साल के पुनीत यादव के रूप में हुई है।पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए मुख्य आरोपी नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। जिसमें दो बालिग आरोपी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 4 मार्च को पालम गांव थाना पुलिस को मणिपाल अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि घायल पुनीत यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि पुनीत डेयरी चलाता था और अविवाहित था। पुलिस महावीर एन्क्लेव की गली नंबर 7 स्थित घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि 8-10 लोगों ने उसपर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के जरिए पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नाबालिग समेत तीन नाबालिगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार दो बालिग आरोपियों की पहचान 24 साल के महावीर नगर निवासी धर्मेंद्र और ओमकार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों दूध बेचने का काम करते हैं। पकड़े गए दो नाबालिग दसवीं कक्षा में स्कूल ड्रॉप आउट हैं, वहीं एक आरोपी सातवीं कक्षा में पढ़ता है। पूछताछ में एक नाबालिग ने बताया कि मृतक उसे बार बार चिढ़ाता था। जिससे उसे काफी बुरा लगा। उसने उसे सबक सिखाने के लिए साजिश रची और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के दौरान नशे का सेवन किया था। उसने ही पुनीत पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया।
#CityStates #DelhiNcr #Delhi #Murder #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 07, 2026, 04:08 IST
दिल्ली में खून: मुंह चिढ़ाने से नाराज था नाबालिग, डेयरी मालिक को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट; दोस्त थे साथ #CityStates #DelhiNcr #Delhi #Murder #VaranasiLiveNews
