शिवपुरी में साइबर ठगी: रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 3.40 लाख रुपये साफ, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही हुआ खेल
शिवपुरी जिले के खनियांधाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बामोरकलां गांव के एक सेवानिवृत्त शिक्षक को ठगों ने APK फाइल के जरिए अपना शिकार बनाया। फाइल डाउनलोड करते ही उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की जीवनभर की जमा पूंजी एक झटके में साफ हो गई। पीड़ित की पहचान बामोरकलां निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक कैलाश नारायण सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से लिंक के साथ APK फाइल भेजी गई थी। फाइल को देखकर उन्हें लगा कि यह कोई जरूरी दस्तावेज है। इसी भरोसे में उन्होंने उसे डाउनलोड कर लिया। फाइल डाउनलोड करते ही उनके मोबाइल का कंट्रोल ठगों के हाथ में चला गया। इसके बाद ठगों ने उनके फोन में मौजूद बैंकिंग एप्लीकेशन तक पहुंच बना ली और धीरे-धीरे बैंक खाते से रकम निकालना शुरू कर दिया। जब मोबाइल पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। हैरानी की बात यह है कि ठगों ने इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए न तो पीड़ित का एटीएम कार्ड मांगा, न बैंक का पासवर्ड पूछा और न ही कोई ओटीपी लिया। केवल एक APK फाइल के जरिए उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। पढे़ं:अवैध लहसुन कारोबार पर मंडी समिति का बड़ा एक्शन, 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 83 क्विंटल लहसुन जब्त 19 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर पीड़ित कैलाश नारायण सोनी का आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने भी लापरवाही बरती। उन्होंने बताया कि ठगी का पता चलते ही 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की। करीब 19 दिन बाद 27 अक्टूबर को उनकी एफआईआर दर्ज की गई। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद उनकी रकम बचाई जा सकती थी। अब वे अपनी रकम वापस पाने के लिए बैंक, खनियांधाना थाने और शिवपुरी जिला साइबर सेल के चक्कर काट रहे हैं। परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। APK फाइल से ठगी के बढ़ते मामले साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, आजकल ठग APK फाइल के जरिए लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। वे व्हाट्सएप पर बिजली बिल, पीएम किसान योजना, पैन कार्ड अपडेट या किसी सरकारी योजना के नाम पर APK फाइल भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इसे डाउनलोड करता है, उसके मोबाइल का कंट्रोल ठगों के हाथ में जा सकता है और बैंक खाते से रकम निकालने का खतरा बढ़ जाता है।
#CityStates #MadhyaPradesh #Shivpuri #ShivpuriNews #ShivpuriCyberFraud #KhaniyadhanaCyberFraud #FraudViaApkFile #MoneySiphonedFromARetiredTeacher'sAccount #KailashNarayanSoniFraudCase #WhatsappApkFileScam #ShivpuriCybercrime #Rs3.40LakhMissingFromABankAccount #BamorkalanCyberFraud #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 18:52 IST
शिवपुरी में साइबर ठगी: रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 3.40 लाख रुपये साफ, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही हुआ खेल #CityStates #MadhyaPradesh #Shivpuri #ShivpuriNews #ShivpuriCyberFraud #KhaniyadhanaCyberFraud #FraudViaApkFile #MoneySiphonedFromARetiredTeacher'sAccount #KailashNarayanSoniFraudCase #WhatsappApkFileScam #ShivpuriCybercrime #Rs3.40LakhMissingFromABankAccount #BamorkalanCyberFraud #VaranasiLiveNews
