Una News: जान जोखिम में डालकर ऊना में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे
ऊना। शहर में इन दिनों चौक-चौराहों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों को लगाने के लिए जुटे कर्मचारियों को कोई सुरक्षा प्रदान किए बिना ही हाइड्रा मशीन के एक सिरे पर बिठाकर कैमरों को लगवाया जा रहा है। आलम यह है कि कर्मचारी के पास तो न तो सेफ्टी बेल्ट न ही हेल्मेट। ऐसे में अगर उक्त कर्मचारी के साथ कोई हादसा हो जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा, यह एक बड़ा सवाल है। जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब दो करोड़ रुपये के बजट से सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए जगह जगह कुछ दिनों पूर्व खंभे लगाए गए थे। अब इन खंभों पर कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों की सरेआम अनदेखी की जा रही है। शुक्रवार को रोटरी चौक व एमसी पार्क के समीप खंभों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। कैमरे लगाने के लिए हाइड्रा मशीन के एक छोर पर कर्मचारी को बिठाकर उसे मशीन के सहारे खंभे तक पहुंचाया गया। इस दौरान कर्मचारी ने न तो कोई सेफ्टी बेल्ट न ही हेल्मेट पहना। यह प्रक्रिया दिन भर एनएच पर विभिन्न स्थानों पर चलती रही। बता दें कि मशीन के एक सिरे पर बैठकर अगर कर्मचारी अपना संतुलन खोकर गिर जाए तो एक व्यक्ति की जान भी जा सकती है। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस व्यवस्था ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 13, 2026, 23:59 IST
Una News: जान जोखिम में डालकर ऊना में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
