Bihar Weather: पटना में आंधी-बारिश से तबाही, कई जगह कार पर गिरी पेड़, लोग भी दबे; बिहार के 14 जिलों में अलर्ट
बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।शाम चार बजे पटना के कई इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक होगी। तेज हवा के कारण राजद दफ्तर के पास एक विशाल पेड़ गिर गया। कई जगह कच्चे घरों को नुकसान पहुंचा है। वीरचंद्र पटेल रोड, गर्दनीबाग, एजी कॉलोनी, बेली रोड इलाके में कई जगह आंधी के कारण पेड़ गिरे हैं। गर्दनीबाग में तो पेड़ गिरने से चार लोग दब गए। इनमें से तीन को बाहर निकाल लिया गया। एक का रेस्क्यु किया जा रहा है। पटना में कई साल बाद आंधी और बारिश के कारण ऐसी तबाही देखने को मिली है। बारिश इतनी तेज थी कि लोगों के घरों में पानी घुस गया। इधर, सड़क पर भी यातायात बाधित हो गई है। जाम के कारण लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा और सुपौल में भी अलर्ट अररिया जिले के अररिया, कुर्साकांटा, जोकीहाट, रानीगंज, सिकटी समेत सभी नौ प्रखंड प्रभावित बताए गए हैं। वहीं किशनगंज जिले के किशनगंज, कोचाधामन, दिघलबैंक, ठाकुरगंज और बहादुरगंज सहित सातों प्रखंडों में मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। पूर्णिया जिले के अमौर, कसबा, धमदाहा, पूर्णिया पूर्व, बनमनखी, श्रीनगर और बैसा समेत 14 प्रखंडों में चेतावनी जारी की गई है। मधेपुरा जिले के आलमनगर, बिहारीगंज, मधेपुरा, मुरलीगंज और सिंहेश्वर सहित 13 प्रखंडों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना है। सुपौल जिले के किशनपुर, निर्मली, प्रतापगंज, सरायगढ़ भपटियाही और सुपौल सहित 11 प्रखंडों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। आज 14 जिलों में बारिश का अलर्ट एक दिन पहले मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात का अलर्ट जारी किया था। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहा। राज्य के अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जगहों पर तेज हवा और मेघ गर्जन का असर देखने को मिला। किस जिले में कितनी गर्मी पड़ी मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। वहीं बिहार का अधिकतम तापमान 29.4 से 36.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी बिहार के कुछ जिलों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई, जबकि अन्य हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर बना रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 18 से 25.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। जानिए कहां कितनी होगी बारिश बारिश के आंकड़ों में तेतरिया सबसे आगे रहा, जहां 59.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा महाराजगंज में 54.2 मिमी, पूसा में 52.6 मिमी, दुरौंधा में 52.4 मिमी और नौतन में 48.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पचरुखी, कुमारखंड, बोचहां, मरवन, कांटी, बिस्फी, मटियानी, हायाघाट, गोरियाकोठी, जलालपुर, डगरुआ, झंझारपुर और सुपौल समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। अगले चार दिन में पांच डिग्री तक बढ़ेगी गर्मी मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
#CityStates #Bihar #Darbhanga #Kosi #Patna #Purnea #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 08, 2026, 07:44 IST
Bihar Weather: पटना में आंधी-बारिश से तबाही, कई जगह कार पर गिरी पेड़, लोग भी दबे; बिहार के 14 जिलों में अलर्ट #CityStates #Bihar #Darbhanga #Kosi #Patna #Purnea #VaranasiLiveNews
